Lalu Prasad Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को रिम्स अस्पताल से दूसरी जगह किया गया शिफ्ट

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को रांची स्थित रिम्स अस्पताल से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। अस्पताल के वार्ड को कोविड वार्ड में तब्दील कर दिए जाने के बाद ये कदम उठाया गया।

lalu prasad yadav
लालू प्रसाद यादव 
मुख्य बातें
  • राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को रिम्स से दूसरी जगह किया गया शिफ्ट
  • कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद लिया गया ऐसा फैसला
  • उन्हें अस्पताल के पूर्न निदेशक के बंगले में शिफ्ट किया गया है

रांची : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को बुधवार को जेल से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। लालू यादव को राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के डायरेक्टर के बंगले पर ले जाया गया है। लालू यादव का इलाज इसी अस्पताल में चल रहा है। दरअसल, राजद नेता का इलाज अस्पताल के जिस वार्ड में चल रहा है उसे कोविड-19 वार्ड में तब्दील किया गया है। इसके बाद रिम्स प्रशासन ने राजद नेता को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए बिरसा मुंडा जेल अथॉरिटी को पत्र लिखा था।

उन्हें फिलहाल रिम्स डायरेक्टर के बंगेल केली बंगला में शिफ्ट किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को ही केली बंगला का निरीक्षण किया गया था और सुरक्षा का जायजा लिया गया था। तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि लालू प्रसाद यादव को केली बंगले में शिफ्ट किया जा सकता है।

चूंकि झारखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामले से अस्पताल में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है इसलिए जेल प्रशासन की अनुमति के बाद अस्पताल को ये फैसला लेना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक अस्पताल के जिस वॉर्ड में लालू प्रसाद यादव भर्ती थे उस तल्ले को छोड़कर बाकी सभी तल्ले कोरोना वॉर्ड में तब्दील कर दिए गए थे। इसके अलावा लालू यादव जहां चहलकदमी करते थे उन्हें भी कोरोना वॉर्ड में तब्दील कर दिया गया था।

लालू प्रसाद यादव के तीन सेवादारों के भी सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गई जिसके बाद उनके संक्रमित होने का भी खतरा बढ़ गया। और फिर इन्ही सब कारणों के चलते उन्हें अस्पताल से शिफ्ट करने का फैसला लिया गया।

बता दें कि यादव चारा घोटाला मामले में 14 साल की जेल की सजा काट रहे हैं। झारखंड में भ्रष्टाचार के लिए जेल की सजा सुनाए जाने के बाद उन्होंने तबियत खराब होने के बाद ज्यादातर समय जेल की बजाए रिम्स अस्पताल में बिताए हैं। 


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर