Kalyan Singh: आज होगा यूपी के पूर्व CM कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार, यात्रा में शामिल होंगे BJP के बड़े नेता

Kalyan Singh Demise : कल्याण सिंह के बेटे और भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने बताया कि उनके पिता के अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे।

Last Rites of Kalyan Singh To Be Held today In Narora At Ghats Of River Ganga
यूपी के दो बार सीएम रहे कल्याण सिंह।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • आज नारौरा के गंगा घाट पर होगा यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार
  • अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई नेता होंगे शामिल
  • लंबी बीमारी के बाद गत शनिवार को लखनऊ में हुआ भाजपा के पूर्व नेता का निधन

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज नरौरा के गंगा घाट पर होगा। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने रविवार को समाचार एजेंसी एएनआई को यह जानकारी दी। सिंह ने शनिवार को लंबी बीमारी के बाद 89 साल की उम्र में लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में अंतिम सांस ली। पूर्व सीएम सिंह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। सीएम योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा एवं संघ के नेताओं ने अस्पताल जाकर उनकी सेहत का जायजा लिया था।  

अंतिम संस्कार में शाह, राजनाथ सिंह होंगे शामिल
रिपोर्टों के मुताबिक कल्याण सिंह के बेटे और भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने बताया कि उनके पिता के अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। पूर्व सीएम एवं भाजपा नेता की इस अंतिम यात्रा में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उमा भारती सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक सिंह की अंतिम यात्रा सुबह 9 बजे से अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से निकलेगी।  

पीएम मोदी ने रविवार को किए अंतिम दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को लखनऊ में माल एवेन्यू स्थित सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें अपनी अंतिम विदाई दी। सिंह भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार हैं। साल 1991 में कल्याण सिंह के नेतृत्व में भाजपा की पहली सरकार उत्तर प्रदेश में बनी लेकिन बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद भाजपा की इस सरकार को बर्खास्त कर दिया गया। सिंह को प्रखर हिंदुत्व का चेहरा माना जाता है। वह लोकप्रिय जननेता और कुशल प्रशासक थे। 

दो बार रहे यूपी के सीएम
कल्याण सिंह साल 1997 से 1999 तक दोबारा यूपी के सीएम रहे। हालांकि, मुद्दों पर भाजपा के साथ गतिरोध होने पर सिंह 2010 में भाजपा से अलग हो गए और जन क्रांति पार्टी नाम से अपना राजनीतिक दल बनाया। साल 2014 में वह फिर से भाजपा में शामिल हुए। साल 2014 में उन्हें राजस्थान का राज्यपाल बनाया गया। सीएम रहते हुए सिंह ने कई साहसिक फैसले लिए। यूपी में भाजपा को स्थापित करने का श्रेय उन्हीं को जाता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर