यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी ने पुतिन से की बात, कहा- युद्ध को तुरंत रोकें, सभी मुद्दों को बातचीत से सुलझाएं

यूक्रेन संकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर पीएम मोदी से बात की और कहा कि रूस और नाटो का विवाद सिर्फ संवाद से सुलक्ष सकता है।

PM Modi talks to Russian President Putin on Ukraine crisis, said- solve all issues through dialogue
पीएम मोदी ने पुतिन से की बात  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की
  • पीएम मोदी ने पुतिन से कहा कि युद्ध को तुरंत रोकें।
  • पीएम मोदी ने कहा कि सभी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाएं।

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन से बात की। यूक्रेन विवाद पर पीएम मोदी ने पुतिन से कहा कि सभी मुद्दों को बातचीत से सुलझाएं। रूस और नाटो का विवाद सिर्फ संवाद से सुलक्ष सकता है। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भी बात की। ईमानदार कोशिश से ये विवाद खत्म हो  सकता है।

पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की, हिंसा को तत्काल रोके जाने की अपील की। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूक्रेन संबंधी हालिया घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इस पुराने विश्वास को दोहराया कि रूस एवं नाटो के बीच मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने कूटनीतिक वार्ता के मार्ग पर लौटने के लिए सभी पक्षों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से छात्रों की सुरक्षा के संबंध में भारत की चिंताओं के बारे में रूसी राष्ट्रपति को भी अवगत कराया और बताया कि भारत उनके सुरक्षित निकासी और भारत लौटने को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि उनके अधिकारी और राजनयिक दल सामयिक हित के मुद्दों पर नियमित संपर्क बनाए रखेंगे।

पुतिन से बातचीत से पहले प्रधानमंत्री ने सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडल समिति (सीसीएस) की बैठक की अध्यक्षता की और इसमें भारतीयों की सुरक्षित वापसी पर जोर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस अहम बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हुए। आधिकारिक सूत्रों की ओर से जारी एक वीडियो के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और हरदीप सिंह पुरी भी इस बैठक में शामिल हुए। हालांकि गोयल और पुरी सीसीएस के सदस्य नहीं हैं। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पी के मिश्रा सहित कई शीर्ष स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

गौर हो कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज करते हुए रूस ने गुरुवार को यूक्रेन पर आक्रमण कर दिया और उसके शहरों तथा सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले और गोलीबारी की। यूक्रेन सरकार के मुताबिक, रूसी टैंक और सैनिक सीमा पर घूम रहे हैं। यूक्रेन ने रूस पर पूर्ण युद्ध छेड़ने का भी आरोप लगाया। यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई की घोषणा के साथ ही पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी भी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे।'

यूक्रेन पर रूसी हमलों में आई तेजी के बाद भारत में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने कहा कि रूस के सैन्य आक्रमण के कारण उत्पन्न संकट पर भारत के रुख को लेकर उनका देश (यूक्रेन) काफी असंतुष्ट है। साथ ही उन्होंने स्थिति को सामान्य बनाने के लिए भारत से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि रूस के साथ भारत के विशेष संबंध हैं और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए वह अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकता है। पोलिखा ने कहा कि प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी उन कुछ गिने-चुने नेताओं में शामिल शामिल हैं, जिनकी बात रूसी राष्ट्रपति पुतिन सुनते हैं तथा नयी दिल्ली, मास्को के साथ इस निकटता का उपयोग स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कर सकती है।

यूक्रेन में तेजी से बदलती स्थिति पर भारत करीब से नजर रख रहा है। सरकार की प्राथमिकता वहां फंसे भारतीयों, विशेषकर वहां पढ़ रहे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यूक्रेन की राजधानी कीव में भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में सभी भारतीय नागरिकों को शांति बनाए रखने और सुरक्षित रहने की सलाह दी है। इस सिलसिले में दूतावास की ओर से आज भी एक परामर्श जारी किया गया।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर