झूठ बोलने में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल विजेता है कांग्रेस: पीएम मोदी

देश
किशोर जोशी
Updated Feb 25, 2021 | 13:52 IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुदुचेरी में आयोजित एक एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है।

PM Narendra Modi addresses a rally in Puducherry and attacks on congress
'कांग्रेस के पास झूठ बोलने का गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल' 
मुख्य बातें
  • पीएम मोदी ने पुदुचेरी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास
  • इस मौके पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
  • पीएम मोदी बोले- पुदुचेरी की जनता कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति का आनंद उठा रही है

पुदुचेरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पुदुचेरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार पुदुचेरी में बदलाव की बयार दिखाई दे रही है।  पीएम नरेंद्र मोदी ने आज यहां विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ में पदुचेरी की उपराज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन भी मौजूद रहीं। वी नारायण सामी की सरकार के गिरने के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि पुदुचेरी की जनता कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति का आनंद उठा रही है।

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे औपनिवेशिक शासकों की नीति थी फूट डालो और राज करो। कांग्रेस की नीति फूट डालो, झूठ बोलो और राज करो की है। कभी-कभी उनके नेता क्षेत्र को क्षेत्र के खिलाफ , समुदाय को समुदाय के खिलाफ खड़ा कर देते हैं। पुदुचेरी में 2016 में एक सरकार बनी जो कांग्रेस आलाकमान की ही सेवा में लगी रही, उनकी प्राथमिकताएं अलग थीं।'

कांग्रेस लोगों के काम करने में नहीं करती है विश्वास

पीएम मोदी ने कहा, '2016 में पुदुचेरी के लोगों ने बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस के लिए वोट किया, उन्हें लगा कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। 5 साल बाद लोग निराश हैं, उनके सपने और उम्मीदें टूट चुकी हैं। हाईकमांड कांग्रेस सरकार ने पुदुचेरी में शासन के हर सेक्टर को नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस लोगों के लिए काम करने में विश्वास नहीं करती है, मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों नहीं चाहती कि कोई दूसरा लोगों के लिए काम करे।'

झूठ बोलो, राज करो की नीति है कांग्रेस की

पीएम ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'कांग्रेस दूसरों को लोकतंत्र विरोधी कहने का कोई मौका नहीं छोड़ती, उन्हें खुद को शीशे में देखने की जरूरत है। उन्होंने हर संभव तरह से लोकतंत्र का अपमान किया। पुडुचेरी में उन्होंने पंचायत के चुनाव कराने से मना कर दिया। हमारे औपनिवेशिक शासकों की बांटो और राज करो की ​नीति थी, कांग्रेस की बांटो, झूठ बोलो और राज करो की नीति है। वो झूठ बोलने में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल विजेता हैं। कांग्रेस नेता यहां आकर कहते हैं कि हम मछुआरों के लिए मत्स्यपालन मंत्रालय बनाएंगे, मैं हैरान था। सच ये है कि मौजूदा एनडीए सरकार ने 2019 में मछुआरों के लिए मंत्रालय बनाया था।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर