Thane Diva Line Inauguration: मुंबईवासियों को पीएम मोदी की सौगात, अब लोकल ट्रेन के लिए दो नए ट्रैक

Thane Diva new Railway line: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 620 करोड़ रुपये की लागत से बनी ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली दो अतिरिक्त रेल लाइन को राष्‍ट्र को समर्पित किया। इससे मुंबई में उपनगरीय रेलगाड़ी के यातायात में आने वाली बाधाएं दूर हो सकेंगी।

मुंबईवासियों को पीएम मोदी की सौगात, अब लोकल ट्रेन के लए दो नए ट्रैक
मुंबईवासियों को पीएम मोदी की सौगात, अब लोकल ट्रेन के लए दो नए ट्रैक 

Thane Diva new Railway line inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली दो अतिरिक्त रेलवे लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्‍होंने मुंबई उपनगरीय रेलवे की दो उपनगरीय ट्रेनों को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने उम्‍मीद जताई कि यह नई रेल लाइन मुंबईवासियों के जीवन में एक बड़ा बदलाव लाएंगी और 'ईज ऑफ लिविंग' के लिहाज से बेहतर होंगी।

ठाणे-दिवा रेल लाइन को राष्‍ट्र को समर्पित करने के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत शिवाजी महाराज को याद करते हुए की। उन्होंने कहा, 'कल छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मजयंती है। सबसे पहले मैं भारत के गौरव, भारत की पहचान और संस्कृति के रक्षक देश के महान महानायक के चरणों में प्रणाम करता हूं।' उन्‍होंने कहा कि ये नई रेल लाइन मुंबई की कभी ना थमने वाली जिंदगी को और अधिक रफ्तार देगी।

'अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल देश की जरूरत'

पीएम मोदी ने कहा, 'आज से सेंट्रल रेलवे लाइन पर 36 नई लोकल चलने जा रही हैं। इनमें से भी अधिकतर AC ट्रेनें हैं। ये लोकल की सुविधा को विस्तार देने, लोकल को आधुनिक बनाने के केंद्र सरकार के कमिटमेंट का हिस्सा है।' उन्‍होंने कहा कि मुंबई महानगर ने आजाद भारत की प्रगति में अपना अहम योगदान दिया है। अब प्रयास है कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी मुंबई का सामर्थ्य कई गुना बढ़े।

पीएम मोदी ने इस दौरान अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल का भी जिक्र किया और कहा कि यह आज मुंबई ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आवश्यकता है। ये मुंबई की क्षमता को, सपनों के शहर के रूप में मुंबई की पहचान को सशक्त करेगी।

पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने इस दौरान पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि अतीत में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स सालों-साल तक इसलिए चलते थे क्योंकि प्लानिंग से लेकर एग्जीक्यूशन तक तालमेल की कमी थी। इस अप्रोच से 21वीं सदी भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण संभव नहीं है। इसलिए हमने पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टरप्लान बनाया है। 

उन्‍होंने कहा, 'बरसों से हमारे यहां एक सोच हावी रही कि जो साधन-संसाधन गरीब इस्तेमाल करता है, मिडिल क्लास इस्तेमाल करता है, उस पर निवेश नहीं करो। इस वजह से भारत के पब्लिक ट्रांसपोर्ट की चमक हमेशा फीकी ही रही। लेकिन अब भारत उस पुरानी सोच को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है।'

पीएम मोदी ने कहा कि गांधीनगर और भोपाल के आधुनिक रेलवे स्टेशन रेलवे की पहचान बन रहे हैं। आज 6000 से ज्यादा रेलवे स्टेशन WiFi सुविधा से जुड़ चुके हैं। वंदे भारत ट्रेनें देश की रेल को गति और आधुनिक सुविधा दे रही है। आने वाले वर्षों में 400 नई वंदे भारत ट्रेनें देशवासियों को सेवा देना शुरू करेंगी।

620 करोड़ की लागत से बनी है ये रेल लाइन

महाराष्‍ट्र में ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली दो अतिरिक्त रेल लाइन लगभग 620 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है, जिसमें 1.4 किलोमीटर लंबा रेल फ्लाईओवर, तीन प्रमुख पुल, 21 छोटे पुल भी शामिल हैं। समझा जा रहा है कि इससे मुंबई में उपनगरीय रेलगाड़ियों के यातायात के साथ लंबी दूरी की रेलगाड़ियों के यातायात में रुकावट को भी काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। इससे शहर में 36 नयी उपनगरीय ट्रेनें भी चलाई जा सकेंगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर