पंजाब सरकार में चड्ढा को बड़ी जिम्मेदारी, CM के पैर छू लिया आशीर्वाद; बोला विपक्ष- पीली पगड़ी, बात भगत सिंह की और नौकरी दिल्ली की?

देश
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता | Principal Correspondent
Updated Jul 12, 2022 | 12:18 IST

चड्ढा के मुताबिक, "मान साहब ने पंजाब के लोगों की सेवा करने से जुड़ा मौका देकर मेरा सम्मान किया है। चूंकि, मैं नई भूमिका में आने जा रहा हूं, इसलिए मैं उनकी दुआएं चाहता हूं।"

raghav chadha, aap, bhagwant mann, punjab
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पैर छूते हुए राघव चड्ढा।   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • RS सदस्य राघव चड्ढा अस्थाई सलाहकार समिति के बनाए गए हैं चीफ
  • संभावना- सूबे को ऋणमुक्त बनाने की ओर करेंगे काम, वित्तीय नियोजन भी देखेंगे
  • पेशे से हैं चार्टर्ड एकाउंटेंट, नयी भूमिका में आकर दे सकते हैं और सलाह

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृ्त्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने पार्टी नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को एक अस्थाई सलाहकार समिति (एडवाइजरी कमेटी) का चीफ बनाया है। आप ऐसा करने के बाद विपक्षी दलों के निशाने पर बुरी तरह आ गई है।

पार्टी से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को सोमवार को इस बारे में बताया था कि चड्ढा एक अस्थायी सलाहकार समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। यह कमेटी सरकार को लोक महत्व के मुद्दों पर सलाह देगी। 

पंजाब में आप सरकार ने कुछ दिन पहले कमेटी के गठन को लेकर एक अधिसूचना जारी की थी और उस समय भी विपक्षी दलों ने इसके गठन की वैधता पर सवाल उठाए थे। अधिसूचना के अनुसार, अस्थाई समिति के एक अध्यक्ष होंगे और इसके सदस्य किसी भी मुआवजे, पारिश्रमिक या अनुलाभों के हकदार नहीं होंगे।

पंजाब कांग्रेस के मुखिया अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस बाबत मान सरकार पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि वह समिति के जरिए चड्ढा को अत्यधिक शक्ति सौंप कर रहे हैं। वह बोले- चड्ढा को सलाहकार समिति का अध्यक्ष नियुक्त करना ‘‘उन्हें पंजाब का मुख्यमंत्री बनाने के बराबर है।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पंजाब ने इस बदलाव के लिए मतदान नहीं किया था। ऐसा लगता है कि भगवंत मान ने पंजाब सरकार को ठेके पर दे दिया है।’’

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने भी ‘आप’ सरकार पर जुबानी हमला बोला। कहा कि इस कदम से शो मैनेजर राघव चड्ढा को आधिकारिक तौर पर एक मंच सौंपा गया है। पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘...सर्कस मास्टर ने पर्दा हटाकर असली खेल चलाने वाले राघव चड्ढा को आधिकारिक तौर पर मंच दे दिया है। सीएम चड्ढा का औपचारिक रूप से महानियंत्रक के रूप में पदभार ग्रहण करना, पंजाबियों के लिए कोई खबर नहीं है। उन्हें हमेशा से पता था कि मान के कठपुतली नाच की डोर किसके हाथ में है। अब पर्दा हट गया है और वह बगैर दांतों वाला शेर सामने है, जिस पर पंजाबियों ने भरोसा जताया था।’’

कांग्रेस नेता और पूर्व हॉकी टीम के कप्तान परगट सिंह ने चड्ढा को चेयरमैन बनाने से जुड़ी खबर पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, "पंजाब में आप के 'सूबेदार' राघव चड्ढा ने टेक ओवर कर लिया है। पीली पगड़ी, बात भगत सिंह की और नौकरी दिल्ली की।" समझा जा सकता है कि सिंह का यह हमला दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल से लेकर उस दावे पर है, जिसमें आप और उसके नेता दावा करते हैं कि वह भगत सिंह के आदर्शों पर चलते हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर