पंजाब: भ्रष्टाचार के आरोप पर CM भगंवत मान ने मंत्री को किया बर्खास्त, केजरीवाल ने कहा- कार्रवाई ने मेरी आंखों में आंसू ला दिए

Vijay Singla: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है और पंजाब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई के लिए भगवंत मान की तारीफ की है।

Vijay Singla
विजय सिंगला 
मुख्य बातें
  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंघला को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते मंत्रिमंडल से हटाया
  • मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने के कुछ देर बाद ही विजय सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया
  • केजरीवाल ने इस कार्रवाई के लिए भगवंत मान की तारीफ की

Vijay Singla: पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है और भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति रखती है। मुख्यमंत्री ने खुद सिंगला को मंत्रिपरिषद से हटाने की घोषणा की। मान ने कहा कि यह निर्णय तब लिया गया जब उन्हें पता चला कि सिंगला कथित तौर पर अपने विभाग के टेंडर और खरीद में एक प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस को सिंगला के खिलाफ मामला दर्ज करने का भी निर्देश दिया है। बाद में पंजाब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत आप पर गर्व है। आपकी इस कार्रवाई से मेरी आंखों में आंसू आ गए। आज पूरा देश आप पर गर्व महसूस कर रहा है। 

मान ने एक वीडियो संदेश में कहा कि मेरे संज्ञान में एक मामला लाया गया था जिसमें मेरी सरकार में एक मंत्री अपने विभाग के प्रत्येक टेंडक या खरीद से एक प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था। मैंने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया। केवल मैं इस मामले को जानता था। न तो मीडिया और न ही विपक्ष इसे जानता था। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं और उन्हें कैबिनेट से हटा रहा हूं। मैं पुलिस को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश भी दे रहा हूं। उस मंत्री का नाम विजय सिंगला है। वे स्वास्थ्य मंत्री थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगला कथित तौर पर अपने विभाग में गलत कामों में शामिल थे और उन्होंने भी इसे स्वीकार किया है। आप सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस है, यह कहते हुए कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी 2015 में अपने खाद्य और आपूर्ति मंत्री को हटा दिया था और मामले को सीबीआई को सौंप दिया था। मैं एक रुपये का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करूंगा। हम पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाना चाहते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दल अब बताएंगे कि आप का एक मंत्री सिर्फ दो महीने के भीतर भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया, लेकिन फिर भी मैं कार्रवाई कर रहा हूं। 

52 साल के विजय सिंगला मानसा सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने पंजाबी गायक और कांग्रेस उम्मीदवार शुभदीप सिंह सिद्धू, जिन्हें सिद्धू मूसेवाला भी कहा जाता है, को हराया था। सिंगला एक डेंटल सर्जन हैं।

आम आदमी पार्टी ईमानदार पार्टी है: केजरीवाल

बाद में केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने अपने हेल्थ मिनिस्टर को बर्खास्त कर दिया, उनके खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। ना मीडिया, ना विपक्ष किसी को इस भ्रष्टाचार का पता नहीं था। भगवंत मान चाहते तो मंत्री से सेटिंग करके अपने लिए हिस्सा मांग सकते थे। अब तक तो ऐसे ही होता था, वे चाहते तो मामले को दबा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। भगवंत, हमें, पूरे पंजाब और देश को आपके ऊपर गर्व है। 2015 में जब दिल्ली में हमारी सरकार बनी थी, तब मैंने भी अपने फूड मिनिस्टर के खिलाफ एक्शन लिया था। उसके भ्रष्टाचार के सबूत मेरे पास आए थे, तभी किसी को नहीं पता था, मैंने खुद ब खुद उसके खिलाफ एक्शन लिया था। आम आदमी पार्टी ईमानदार पार्टी है। अगर हमारा अपना भी कोई चोरी करेगा, तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। अभी तक देखा गया कि सभी पार्टियों में आपस में सेटिंग होती थी, अपनों को पकड़ना तो दूर एक-दूसरे के नेताओं के खिलाफ भी वे एक्शन नहीं लेते थे। पहली बार ऐसा हो रहा है कि कोई पार्टी अपने खुद के लोगों के भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन ले रही है। कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू हैं और विपक्ष को समझ नहीं आ रहा है कि क्या कहें कैसे इसका विरोध करें। 

उन्होंने कहा कि करप्शन देश और भारत माता के साथ गद्दारी है, हम कुछ भी बर्दाश्त कर लेंगे, लेकिन भारत माता के साथ गद्दारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। गर्दन कट जाएगी, लेकिन देश के साथ गद्दारी कबूल नहीं है। न गद्दारी करेंगे न किसी को करने देंगे। भारतीय राजनीति बहुत खराब हो गई है, बहुत दूषित हो गई है, भारतीय राजनीति में आम आदमी पार्टी एक नई शुरुआत है, ईमानदारी और देशभक्ति की शुरुआत, एक सुनहरा भारत बनाने की शुरुआत।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर