गणतंत्र दिवस परेड 2022: सर्वश्रेष्ठ झांकी के पुरस्कारों का ऐलान, उत्तर प्रदेश ने मारी बाजी, ये राज्य रहे दूसरे और तीसरे स्थान पर

देश
भाषा
Updated Feb 04, 2022 | 16:49 IST

गणतंत्र दिवस परेड 2022 के लिए सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार घोषित किया गया। उत्तर प्रदेश को पहला स्थान मिला।  तीनों सेनाओं में  भारतीय नौसेना ने बाजी मारी।

Republic Day Parade 2022: Uttar Pradesh won the best tableau award, these states stood second and third
गणतंत्र दिवस: सर्वश्रेष्ठ झांकी के पुरस्कारों में यूपी नंबर वन  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • गणतंत्र दिवस परेड में कुल 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया था।
  • भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के रूप में चुना गया है।
  • भारतीय वायु सेना की मार्चिंग टुकड़ी को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में चुना गया।

नई दिल्ली : रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की झांकी को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया, जबकि भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी तीनों सेनाओं में शीर्ष पर रही। उत्तर प्रदेश की झांकी ‘एक जिला एक उत्पाद और काशी विश्वनाथ धाम’ विषय पर आधारित थी। गणतंत्र दिवस परेड में कुल 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया था। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दूसरा स्थान कर्नाटक को ‘पारंपरिक हस्तशिल्प के पालने’ पर आधारित झांकी के लिए मिला, जबकि तीसरा स्थान मेघालय को मिला। मेघालय की झांकी राज्य के गठन के 50 साल पूरे होने और महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों तथा स्वयं सहायता समूहों के योगदान पर आधारित थी।

केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में शिक्षा मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय की झांकियों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया है। शिक्षा मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की झांकी की थीम ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति’ थी। नागर विमानन मंत्रालय की झांकी ‘उड़े देश का आम नागरिक’ विषय पर आधारित थी। परेड में केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों की नौ झांकियों ने भाग लिया था। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (सीपीडब्ल्यूडी) की झांकी को विशेष पुरस्कार श्रेणी के लिए चुना गया।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के रूप में चुना गया है। पहली बार आम जनता को ‘माईगॉव’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोकप्रिय पसंद श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल और सर्वश्रेष्ठ झांकी के लिए वोट करने को लेकर आमंत्रित किया गया था।

ऑनलाइन पोल 25-31 जनवरी के बीच आयोजित किया गया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) या अन्य सहायक बलों के बीच सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में ‘माईगॉव’ पर अधिकतम वोट प्राप्त हुए।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि लोकप्रिय पसंद श्रेणी में महाराष्ट्र को राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में वोट दिया गया। लोकप्रिय पसंद के अनुसार, भारतीय वायु सेना की मार्चिंग टुकड़ी को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में चुना गया।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दूसरा स्थान उत्तर प्रदेश (लोकप्रिय पसंद) को मिला, जबकि ‘जम्मू कश्मीर का बदलता चेहरा’ विषय पर जम्मू-कश्मीर की झांकी तीसरे स्थान पर रही।’

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर