Coronavirus in India: कोरोना के 64% सक्रिय केस इन 6 राज्यों में, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा

देश
लव रघुवंशी
Updated Oct 20, 2020 | 16:59 IST

Coronavirus Active Cases: स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कोरोना वायरस के कुल सक्रिय मामलों में से 64 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल में हैं।

Coronavirus
भारत में कोरोना वायरस 
मुख्य बातें
  • भारत में अभी तक 9.6 करोड़ कोविड-19 जांच की गई हैं
  • देश में कोविड-19 से मृत्यु की दर वर्तमान में 1.52 प्रतिशत है
  • 84 दिन बाद एक दिन में 50,000 से कम मामले सामने आए हैं

नई दिल्ली: स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दुनिया में कोविड 19 से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा भारत में है। अभी तक 67 लाख से ज्यादा मरीज कोरोना से ठीक हो गए हैं, जो कि विश्व में सबसे ज्यादा है। देश में अब संक्रमण के कुल मामले 75,97,063 हैं, जिसमें से 7,48,538 सक्रिय मामल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि छह राज्यों- महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में कुल सक्रिय मामलों का 64% हिस्सा है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 23.28% सक्रिय मामले हैं। दूसरे नंबर पर कर्नाटक है, जहां 14.19% सक्रिय मामले हैं। इन छह राज्यों के अलावा शेष राज्यों में 35.75% एक्टिव केस हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 9.6 करोड़ कोविड-19 जांच की गई हैं, इस मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। कोविड-19 से मृत्यु की दर एक सितंबर के 1.77 प्रतिशत से कम होकर वर्तमान में 1.52 प्रतिशत हो गई है। वहीं 84 दिन बाद ऐसा हुआ है कि 24 घंटे में सामने आए कोविड-19 के मामले 50,000 से कम हैं। साथ ही भारत में पिछले सात दिनों में प्रति 10 लाख आबादी पर कोविड-19 मामलों की संख्या 310 है, जबकि वैश्चिक औसत 315 है। 

19 अक्टूबर की स्थिति के अनुसार देश में ऑक्सीजन सहायतित 2,65,046 बिस्तर उपलब्ध हैं जबकि 7,71,36 आईसीयू बिस्तर और 39,527 वेंटीलेटर बिस्तर उपलब्ध हैं। कोरोना से देश में 1,15,197 मौतें हो चुकी हैं। रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने कहा था कि देश के कुछ हिस्सों में सामुदायिक संक्रमण है। देश में रिकवरी रेट 88.26 फीसदी है। 

ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता अप्रैल में 5,913 मीट्रिक टन से बढ़कर सितंबर में 6,862 मीट्रिक टन हो गई। अक्टूबर के अंत तक इसमें और बढ़ोतरी होगी और यह 7,191 मीट्रिक टन हो जाएगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर