Times Now Summit 2020 : स्‍मृति ईरानी बोलीं- हर क्षेत्र में महिलाओं के काम को मिल रही है पहचान

Times Now Summit 2020 : टाइम्‍स नाउ सम्मिट में स्‍मृति ईरानी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा व अपराधों पर भी अपनी बात रखी।

Smriti Irani raises voice in support of women empowerment at times now summit
टाइम्‍स नाउ सम्मिट में स्‍मृति ईरानी 

नई दिल्‍ली : केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने बुधवार को टाइम्‍स नाउ सम्मिट में महिलाओं के सशक्तिकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे आ रही हैं और उनके काम को पहचान और तवज्‍जो भी मिल रही है। इस दौरान वह दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर एक बार फिर निशाना साधने से नहीं चूकीं, जिसमें उन्‍होंने दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन महिलाओं से वोटिंग के लिए घर के पुरुषों से चर्चा करने के लिए कहा था।

टाइम्‍स नाउ सम्मिट के एक सत्र में स्‍मृति ईरानी टीवी प्रोड्यूसर एकता कपूर के साथ शामिल हुई थीं, जिसमें उन्‍होंने महिला अधिकारों, उसके सम्मान और सशक्तिकरण की बात की। टीवी सीरियल 'क्‍योंकि सास भी कभी बहू थी' से घर-घर में लोकप्रिय हुईं स्‍मृत‍ि ईरानी ने इस दौरान इसका भी जिक्र किया कि किस तरह कड़ी मेहनत और लगातार प्रयास से वह इस मुकाम तक पहुंचीं। इस दौरान उन्‍होंने यह भी कहा कि अब तक के करियर के दौरान उन्‍हें कभी इस तरह की बात का सामना नहीं करना पड़ा कि आप महिला हैं, इसलिए यह काम नहीं कर सकतीं।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि वे कई तरह की भूमिकाएं निभा सकती हैं। महिलाओं के आत्‍म सम्‍मान की पुरजोर वकालत करते हुए उन्‍होंने कहा कि विनम्रता एक अलग चीज है और किसी को विनम्र होने के लिए बाध्‍य करना दूसरी बात। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण वास्‍तव में तभी हो सकता है, जब वह मनोवैज्ञानिक और आर्थिक दोनों तरीके से स्‍वतंत्र व सशक्‍त हो।

उन्‍होंने महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा, घरेलू हिंसा पर भी बात रखी और कहा कि इस बारे में लोगों को घर से शुरुआत करने की जरूरत है। कई परिवारों में यह आम है कि पुरुष महिलाओं हाथ उठा देता है। ऐसे में बच्‍चा पिता को मां पर हाथ उठाते हुए देखकर यह सीखता है कि वह भी आगे चलकर ऐसा कर सकता है। इसलिए जरूरी है कि सबसे पहले घर में इस बात की अहमियत समझी जाए।

 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर