लॉकडाउन को लेकर सख्त हुईं राज्य सरकारें, दिल्ली में मिलेंगे कर्फ्यू पास, योगी और गहलोत ने दी चेतावनी

देश
किशोर जोशी
Updated Mar 24, 2020 | 06:30 IST

लॉकडाउन को लेकर अब राज्य सरकारों ने सख्ती दिखाने के संकेत दिए हैं। दरअसल सोमवार को लॉकडाउन के दौरान कई जगहों पर लोग सहयोग करते हुए नहीं दिखे

State governments strict on coronavirus lockdown, curfew passes to availabe from today in Delhi
लॉकडाउन पर सख्त हुईं राज्य सरकारें, योगी- गहलोत की वॉर्निंग 
मुख्य बातें
  • लॉकडाउन को लेकर राज्य सरकारों ने दिए सख्ती करने के संकते
  • अशोक गहलोत बोले- अगर लोग नहीं मानते हैं तो बुधवार से लागू हो जाएगा कर्फ्यू
  • दिल्ली पुलिस लॉकडाउन के लिए आज से जारी करेगी स्पेशल पास

नई दिल्ली: देश के तीस राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लॉकडाउन का ऐलान हो गया है जबकि यूपी, मध्य प्रदेश और ओडिशा के 50 से अधिक जिलों में भी लॉकडाउन लागू है। सोमवार को कई राज्यों में लॉकडाउन का पहले से ही ऐलान किया गया था जिसका असर कम देखा गया और लोग सहयोग करते हुए नहीं दिखे। इसके बाद पीएम मोदी ने खुद ट्वीट कर लोगों से सहयोग की अपील की और राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाएं। लॉकडाउन का असर ऐसा रहा कि पंजाब और महाराष्ट्र को अपने यहां कर्फ्यू लगाने का ऐलान करना पड़ा।

योगी ने दी चेतावनी

लॉकडाउन का आदेश ना मानने पर भारत सरकार पहले ही चेता चुकी है अब यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जो इस अवधि में सहयोग नहीं करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी अंतर्राज्जीय और अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को पूरी तरह से सील किया जाए, ताकि लॉक डाउन की अवधि में अनावश्यक यातायात को रोका जा सके।

गहलोत बोले नहीं माने तो लगाएंगे कर्फ्यू

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भी पंजाब और महाराष्ट्र की राह पर चलने के संकेत दिए हैं। गहलोत ने कहा है कि यदि लोग नहीं माने तो बुधवार से कर्फ्यू लगाना पडे़गा। अशोक गहलोत ने राज्य के लोगों से आह्वान किया कि वे 31 मार्च तक घोषित लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें और सभी के जीवन की रक्षा के लिए अपने घरों से नहीं निकलें। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए देश के कई राज्यों में कर्फ्यू लगाया गया है, हमें भी राजस्थान में कर्फ्यू लगाना पडे़गा, इसलिए आमजन अपने घरों में ही रहें।

दिल्ली में मिलेंगे कर्फ्यू पास

वहीं दिल्ली में भी कर्फ्यू लगने के आसार नजर आ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीमा चौकियों को सील करने के साथ ही कहा कि जरूरी सामान मुहैया कराने से जुड़े लोगों को कर्फ्यू पास (अनुमति पत्र) जारी करेगी। दरअसल सोमवार को लोगों ने निषेधाज्ञा आदेशों का ठीक से पालन नहीं किया जिस वजह से पुलिस को यह निर्णय़ लेना पड़ा। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मीडियाकर्मियों को पास की जरूरत नहीं होगी और उनके पहचानपत्र ही काफी होंगे।
 

बिहार में उड़ी नियमों की धज्जियां

सोमवार को बिहार में लॉकडाउन की एक तरह से धज्जियां उड़ाई गईं। इस दौरान इस तरह की कई तस्वीरें आईं जिसमें नियमों का उल्लंघन होता दिखा। राज्य में लॉकडाउन के पहले दिन पटना सहित प्रदेश के विभिन्न भागों में आदेश का उल्लंघन करने पर कुल 250 ऑटोरिक्शा, कार एवं दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया एवं वाहनों को जब्त किया गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर