संगरूर से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं सुनील जाखड़, भगवंत मान के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट

देश
आईएएनएस
Updated May 20, 2022 | 23:23 IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे से खाली हुई लोक सभा सीट संगरूर से बीजेपी नेता सुनील जाखड़ चुनाव लड़ सकते है। गुरुवार को ही बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जाखड़ को पार्टी में शामिल कराया था।

Sunil Jakhar may contest Lok Sabha elections from Sangrur, seat was vacant after Bhagwant Mann's resignation
भाजपा नेता सुनील जाखड़ अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे से खाली हुई लोक सभा सीट संगरूर से भाजपा सुनील जाखड़ को अपना उम्मीदवार बना सकती है। गुरुवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जाखड़ को भाजपा में शामिल कराया था। सूत्रों की मानें तो, भाजपा सुनील जाखड़ को पंजाब में अपने एक बड़े हिंदू नेता के तौर पर प्रोजेक्ट करने की तैयारी कर रही है और इसी के मद्देनजर पार्टी संगरूर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उन पर बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर रही है।

आपको याद दिला दें कि, पंजाब विधानसभा में बड़ी जीत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर चुना। राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले 14 मार्च 2022 को मान ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब इस सीट पर लोक सभा का उपचुनाव होना है और राज्य में पहली बार अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही भाजपा ने सुनील जाखड़ की उम्मीदवारी से जुड़े सभी राजनीतिक पहलुओं का हिसाब-किताब लगाना शुरू कर दिया है।

हालांकि आईएएनएस से बातचीत करते हुए भाजपा के एक बड़े नेता ने बताया कि सुनील जाखड़ पंजाब के एक बड़े नेता हैं और निश्चित तौर पर भाजपा उनके कद और उनकी लोकप्रियता का सम्मान करेगी। हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी भूमिका को लेकर पार्टी के सामने सारे विकल्प खुले हैं और समय आने पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। हालांकि बताया जा रहा है कि पार्टी के सामने उन्हें राज्यसभा भेजने का भी विकल्प मौजूद हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर