'सरकार नहीं रिवाज़ बदलेगी और दोबारा भाजपा की सरकार बनेगी' हिमाचल प्रदेश के CM जयराम ठाकुर से Exclusive बातचीत

देश
प्रेरित कुमार
Updated Aug 24, 2022 | 21:11 IST

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो चुके हैं चुनाव साल 2022 के अंत में होने हैं ऐसे में देखा जाए तो अब 3 महीने के करीब समय बचा है

Himachal Pradesh CM Exclusive Interview
हिमाचल प्रदेश के CM जयराम ठाकुर से Exclusive बातचीत 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी, कांग्रेस समेत आम आदमी पार्टी चुनावी मैदान में उतर कर पूरी ताकत से जुट चुकी है, बीजेपी और कांग्रेस के बीच पिछले 4 दशकों से सत्ता परिवर्तन होता रहा है जबकि आम आदमी पार्टी चुनाव में पहली बार कदम रख रही है।

हिमाचल प्रदेश के मौसम में जितनी ठंडक है, यहाँ की सियासत उतनी ही गर्म और तल्ख़ होती जा रही है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से 'टाइम्स नाउ नवभारत' संवाददाता प्रेरित कुमार ने 'एक्सक्लूसिव' बातचीत की-

Q-आप-कांग्रेस में मुख्य विपक्ष के तौर पर किसे अपना चुनौती मान रहे हैं ?

A-हिमाचल प्रदेश में 'आप' कहीं नहीं है। वो प्रदेश में कोशिश कर रही है। लेकिन यह सच्चाई है कि कोशिश करने से पहले उनकी सांस फूल गई है। यहाँ के पहाड़ पर चढ़ना उनके लिए इतना सरल नहीं है। हिमाचल प्रदेश में पुरानी पार्टी कांग्रेस है। और हमारा मुकाबला कांग्रेस से ही है।

Q-हिमाचल में जो भी आप नेता आते हैं उनपर एजेंसी का शिकंजा बढ़ जाता है ?

A-चुनाव अपनी प्रक्रिया के अनुसार होते हैं। और नवंबर के महीने में हमारे यहाँ चुनाव होने है। लेकिन चुनाव के साथ इन बातों को जोड़ने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि ये घटनाएं बहुत पहले घट चुकी है। जाँच की प्रक्रिया काफी पहले शुरू हो चुकी है। और जाँच मुकाम पर पहुँच चुकी है। और खास तौर पर जब विपक्ष के किसी नेता पर ऐसी कोई कार्यवाई होती है तो वो ऐसा ही आरोप लगाते हैं। हिमाचल में आम आदमी पार्टी कभी थी ही नहीं। 

Q-हिमाचल प्रदेश में धर्मांतरण और अवैध मजारों की बातें भी सुनने को आ रही है ?

A-हिमाचल बहुत शांत प्रदेश है। यहाँ कम्युनिटी कनफ्लिक्ट कभी नहीं हुए हैं। कुछ ऐसे आइसोलेटेड केसेस होते हैं। लेकिन इन सब के बावजूद हिमाचल प्रदेश सरकार ने मजबूती के साथ धर्मांतरण बिल लाई। जिसे हमने 2019 में संशोधन कर और मजबूत किया। उसमें जो कानून के प्रोविजन हमने जोड़ा है वो इतने सख्त हैं कि ऐसे प्रोविजन देशभर में धर्मांतरण के कानून पर नहीं है। धर्मांतरण अगर गलत तरीके से होता है तो 10 साल की सजा है। और सजा के साथ जुर्माने का भी प्रावधान है। अगर कोई आरक्षण का लाभ ले रहा है और वह ऐसी गतिविधि में पाया जाता है तो उसको आरक्षण का लाभ भी नहीं मिलेगा। हमने हिमाचल प्रदेश में धर्मांतरण कानून को और सख्त किया है।

 

Q-5 साल की अपनी उपलब्धियों को आप किस तरह देखते हैं ?

A-हमने 5 साल में सूबे में विकास किया। कोविड-19 के दौरान भी हमने विकास की गति को तेज रखा। पूरे प्रदेश के अंदर हमने नए इनीशिएटिव के साथ काम किया। हमने सिर्फ रूटीन स्कीम चलाने की जरूरत ही नहीं समझा बल्कि हमने उसके साथ साथ नई योजनाओं को भी बनाया। जिससे हिमाचल प्रदेश को भरपूर लाभ मिले। हमने रोहतांग में अटल टनल बनाया। AIIMS को आधुनिक बनाया। ऐसे बहुत सारे डेवलपमेंट हमने यहां किए। आज तक जितने भी यहां मुख्यमंत्री रहे हैं उनमें से सड़क डेवलपमेंट का काम सबसे ज्यादा हमारे सरकार में हुआ है। लगभग 6000 किलोमीटर के आसपस सड़क बनाने का हमारा आंकड़ा पहुंच चुका है।
Q-प्रदेश में दोनों पार्टियों की 5-5 साल के शासन की रवायत को कैसे तोड़ेंगे ?

A-5 वर्ष का रिवाज पूरे देश भर में बदला है। उत्तराखंड में भी 5 वर्ष का रिवाज बदला। हरियाणा में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनी। उत्तर प्रदेश में भी 37 साल के बाद रिवाज बदला है। रिवाज पूरे देश का बदला है। और यह रिवाज़ हिमाचल प्रदेश में भी बदल कर छोड़ेंगे। सरकार नहीं रिवाज़ बदलेगी और दोबारा भाजपा की सरकार बनेगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर