TMC सांसद ने कहा- जिस राज्य की मुख्यमंत्री महिला है, वहां महिलाओं पर अपराध काफी शर्मनाक है

पश्चिम बंगाल में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर TMC सांसद ने अपनी ही सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा है कि जिस राज्य में मुख्यमंत्री एक महिला है, उसके नेतृत्व में ऐसा एक भी अपराध हम सभी के लिए काफी शर्मनाक है।

TMC MP Saugata Roy
टीएमसी सांसद सौगत रॉय  |  तस्वीर साभार: ANI

तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ एक भी अपराध शर्मनाक है जबकि मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को लेकर हर कोई बेहद चिंतित है। हमें इन मामलों में जीरो टॉलरेंस रखना होगा। मुझे उम्मीद है कि पुलिस और प्रशासन इस पर ध्यान देंगे। अगर कोई घटना होती है तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जिस राज्य में मुख्यमंत्री के रूप में एक महिला है, उसके नेतृत्व में ऐसा एक भी अपराध हम सभी के लिए काफी शर्मनाक है।

राज्य के नादिया जिले में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के बाद राज्य सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। बाद में पीड़िता की मौत भी हो गई।  

मुख्यमंत्री के बयान पर उठे सवाल

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर एक बयान दिया, जिसके लिए उनकी खूब आलोचना हुई। उन्होंने कहा कि यह कहानी वे दिखा रहे हैं कि एक नाबालिग की मौत बलात्कार के कारण हुई है, क्या आप इसे बलात्कार कहेंगे? क्या वह गर्भवती थी या उसका प्रेम संबंध था? क्या उन्होंने पूछताछ की है? मैंने पुलिस से पूछा है। उन्होंने गिरफ्तारियां की हैं। मुझे बताया गया कि लड़की का लड़के के साथ अफेयर था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक प्रेम प्रसंग था और इसकी पुष्टि हो गई क्योंकि परिवार को इसके बारे में पता था। अगर कोई जोड़ा किसी रिश्ते में है, तो क्या मैं उसे रोक सकती हूं? यह यूपी नहीं है, हम यहां लव जिहाद नहीं करते हैं। यह उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता है। लेकिन अगर कोई गड़बड़ी होती है तो पुलिस दोषियों को गिरफ्तार कर लेगी।

पश्चिम बंगाल: नादिया में गैंग रेप के बाद नाबालिग की मौत, ममता बनर्जी ने कहा- कैसे पता चलेगा उसका रेप हुआ या वो गर्भवती थी

CBI करेगी नादिया गैंग रेप और हत्या मामले की जांच

कलकत्ता हाई कोर्ट ने नादिया के हंसखाली बलात्कार और हत्या मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया है। इस मामले में 2 की गिरफ्तारी हुई है। मुख्य आरोपी के घर पर चार अप्रैल को जन्मदिन की पार्टी में नाबालिग लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया गया था। पीड़ित के माता-पिता के अनुसार, बाद में उसी रात लड़की की मौत हो गई थी। मामले में मुख्य आरोपी तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता का बेटा है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई करेगी नादिया गैंग रेप और हत्या मामले की जांच, कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिया आदेश

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर