Gujarat: समुद्र तट के पास भागने की कोशिश कर रहे थे दो पाकिस्तानी मछुआरे, BSF की गोली से हुए घायल

देश
भाषा
Updated Jun 25, 2022 | 10:04 IST

बयान के मुताबिक, गश्ती दल ने भाग रहे पाकिस्तानी मछुआरों को चेतावनी दी, लेकिन जब वे नहीं रुके तो बीएसएफ के जवानों को दोनों को पकड़ने के लिए गोलियां चलानी पड़ीं।

Two Pakistani fishermen nabbed by BSF off Gujarat coast, sustain bullet injuries during escape bid
गुजरात: भागने की कोशिश में दो पाकिस्तानी मछुआरे हुए घायल  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • गुजरात में समुद्र तट पर बीएसएफ गोलीबारी में घायल हुए दो पाकिस्तानी मछुआरे
  • भारत के क्षेत्र में घुसने के बाद भाग रहे थे मछुआरे
  • दोनों घायलों को एक अस्पताल में किया गया है भर्ती

अहमदाबाद: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुजरात के कच्छ जिले के पास भारत-पाक सीमा के करीब हरामी नाला क्रीक क्षेत्र से दो पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीएसएफ ने शुक्रवार देर रात जारी एक बयान जारी कर बताया कि दोनों पाकिस्तानी मछुआरों को कुछ दूर पीछा करने के बाद पकड़ लिया गया। हालांकि, पाकिस्तान की ओर भागने की कोशिश के दौरान उन्हें टखने में गोली लग गई।

हरामी नाला इलाके की है घटना

बीएसएफ ने कहा, ‘23 जून 2022 को शुरू हुए एक तलाशी अभियान में बीएसएफ भुज ने शनिवार को पीछा करते हुए हरामी नाला क्षेत्र से दो पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ा। दोनों को पाकिस्तान की ओर भागने की कोशिश करते समय टखने में गोली लग गई।’ बीएसएफ के गश्ती दल ने बृहस्पतिवार को गश्त के दौरान हरामी नाला इलाके में मछली पकड़ने वाली पाकिस्तानी नौकाओं की आवाजाही देखी।

पाकिस्तान ने 20 भारतीय मछुआरों को किया रिहा, सभी ने पूरी की अपनी सजा

भागने की कर रहे थे कोशिश

बयान में कहा गया है, ‘गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा और हरामी नाला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से मछली पकड़ने वाली नौ पाकिस्तानी नौकाओं को जब्त कर लिया।’ बयान के अनुसार, पाकिस्तानी मछुआरों ने भागने की कोशिश की, जो 300 वर्ग किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में फैले इलाके में छिपे हुए थे। बीएसएफ ने तलाशी अभियान जारी रखा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर पड़ोसी देश की तरफ भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी मछुआरों को टखने में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बीएसएफ के अनुसार, इन मछुआरों की पहचान पाकिस्तान के जीरो प्वाइंट गांव के रहने वाले सदाम हुसैन (20) और अली बख्श (25) के रूप में हुई है।

पाकिस्तान ने भारतीय मछुआरों पर की गोलीबारी? नाव सहित 8 मछुआरे पाकिस्तान के कब्जे में

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर