Kamala Rani Varun: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना वायरस से निधन

Kamala Rani Varun passes away: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कमला रानी वरुण की कोरोना वायरस के कारण रविवार को लखनऊ में मृत्यु हो गई है।

Kamala Rani Varun passes away
कमला रानी वरुण का निधन 
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस से उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमल रानी का निधन
  • लखनऊ के अस्पताल में भर्ती थीं कमल रानी वरुण
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कमला रानी वरुण की कोरोना वायरस के कारण रविवार को लखनऊ में मृत्यु हो गई है। कमला रानी वरुण 18 जुलाई को कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाई गई थीं। वह लखनऊ में एक अस्पताल में इस घातक बीमारी से जूझ रही थीं और आज उनका निधन हो गया। कमला रानी का 62 साल की उम्र में निधन हुआ है। सरकारी प्रवक्ता ने कहा, 'कोविड-19 के चलते लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री  कमल रानी का निधन।' उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वह तकनीकी शिक्षा मंत्री थीं। वरुण लोकसभा सांसद भी रही हैं। 

सीएम योगी ने कहा, 'मैं कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। वह कोविड 19 पॉजिटिव थीं और SGPGI हॉस्पिटल में इलाज करवा रही थीं। वह लोकप्रिय सार्वजनिक नेता और एक सामाजिक कार्यकर्ता थीं। मंत्रिमंडल का हिस्सा रहते हुए उन्होंने कुशलता से काम किया।'

कमला रानी का जन्म 3 मई 1958 को लखनऊ, उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्होंने कानपुर विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर किया। उनकी 25 मई 1975 को किशन लाल वरुण से शादी हुई। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। 

1989 से 1995 तक वह महानगर परिषद, कानपुर की सदस्य थीं। वह 1996 में 11वीं लोकसभा के लिए चुनी गईं। 1996 से 1997 तक उन्होंने श्रम और कल्याण समिति और उद्योग समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया। उन्होंने 1997 में महिला सशक्तिकरण पर समिति के सदस्य के रूप में काम किया। 1998 में वह दूसरी बार संसद के लिए चुनी गईं। 1998 से 1999 तक उन्होंने विभिन्न समितियों में आधिकारिक भाषा, श्रम और कल्याण संबंधी समिति और पर्यटन मंत्रालय की सलाहकार समिति सहित समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक 1677 की मौत हो गई है। राज्य में उपचाराधीन मरीज 36,037 हैं जबकि 51,354 लोगों को संक्रमण से मुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। रविवार को संक्रमण के 3807 नए केस सामने आए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर