UP: केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल के काफिले पर हमला; पुलिस ने 2 को गिरफ्तार किया, 20-25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश की करहल विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमले के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 20-25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

SP Baghel
केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला हुआ
  • बघेल ने दावा किया कि हमलावरों ने घातक हथियारों से उनकी कार पर भी हमला किया
  • बीजेपी ने इस संबंध में चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है

केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल के काफिले पर हमले के एक दिन बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त करीब 20-25 अज्ञात लोग थे। खबरों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक हमलावरों का नेतृत्व कर रहा था। लखनऊ लॉ एंड ऑर्डर के एडीजी प्रशांत कुमार ने पहले कहा था कि करहल में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के अत्तिकुल्लापुर गांव के पास वाहनों पर पथराव और लाठियों से हमला किया गया। मंगलवार रात प्राथमिकी दर्ज कराने वाले बघेल ने कहा कि उनके काफिले पर लगभग 20-25 लोगों ने अवैध हथियारों से हमला किया, जिसमें से एक वाहन की खिड़की कथित तौर पर एक पत्थर से टकराने के बाद टूट गई।

केंद्रीय मंत्री ने बाद में कहा कि मैंने उन्हें यह कहते हुए सुना कि मंत्री को यहीं मार देना चाहिए और उनका चुनाव अभी करा लेना चाहिए। घटना के बाद गृह मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि बघेल को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। 

सपा पर लगाया हमले का आरोप

उमाकांत यादव, बिट्टू और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 147 (दंगा), 148 (दंगा, घातक हथियार से लैस), 149 (गैरकानूनी सभा) और 307 (हत्या का प्रयास) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया। बघेल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया था कि हमला समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया था, जबकि यूपी के उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने आरोप लगाया था कि इस घटना के पीछे समाजवादी पार्टी के गुंडे थे। 

चुनाव आयोग से शिकायत

बुधवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और अन्य भाजपा नेताओं ने कथित हमले को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लखनऊ में कहा कि उन्होंने (सपा) एक बार फिर अपनी वास्तविकता दिखाई है। मुझे लगता है कि अखिलेश यादव एसपी सिंह बघेल को उनके खिलाफ मैदान में उतारने से परेशान हैं। उन पर (बघेल) हमला किया गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस बारे में चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।

मैनपुरी के करहल में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर