यति नरसिंहानंद गाजियाबाद में किए गए नजरबंद, दिल्ली के जामा मस्जिद जाने का किया था ऐलान

देश
भाषा
Updated Jun 17, 2022 | 23:54 IST

दिल्ली स्थित जामा मस्जिद जाने का ऐलान करने वाले डासना देवी मंदिर के विवादास्पद पुरोहित यति नरसिंहानंद को रवाना होने से पहले ही शुक्रवार को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया।

Yati Narasimhanand placed under house arrest in Ghaziabad, announced to go to Delhi's Jama Masjid
डासना देवी मंदिर के विवादास्पद पुरोहित यति नरसिंहानंद 

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): दिल्ली स्थित जामा मस्जिद जाने का ऐलान करने वाले डासना देवी मंदिर के विवादास्पद पुरोहित यति नरसिंहानंद को रवाना होने से पहले ही शुक्रवार को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। उप जिलाधिकारी सदर विनय कुमार सिंह ने यहां बताया कि नरसिंहानंद को नजरबंद करने का कदम जिले में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने बताया कि नरसिंहानंद आज मध्यरात्रि तक नजरबंद रहेंगे ताकि वह दिल्ली न जा सकें।

इस बीच, नरसिंहानंद ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि सरकार इस वक्त क्या कर रही है, यह उनकी कल्पना से परे है। उन्होंने वीडियो में दावा किया कि मुसलमान सड़कों पर बिना किसी डर खौफ के खुलेआम घूम रहे हैं। देश में हिंसा दिन-ब-दिन फैलती जा रही है और मुस्लिम धर्मगुरु हिंदुओं का सिर कलम करने के फतवे जारी कर रहे हैं।नरसिंहानंद ने वीडियो में आरोप लगाया कि वर्तमान शासक हिंदुओं को सुरक्षा नहीं दे रहे हैं और उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं कर रहे हैं...।

नरसिंहानंद ने पैगंबर मोहम्मद के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में भाजपा से निलंबित की गई तत्कालीन पार्टी प्रवक्ता नुपुर शर्मा के समर्थन में इस्लाम की धार्मिक पुस्तकों के साथ 17 जून को दिल्ली की जामा मस्जिद पहुंचने का ऐलान किया था।

नरसिंहानंद की दलील है कि नुपुर शर्मा ने कोई गलत बयान नहीं दिया है। उन्होंने जो बात कही है वह इस्लाम धर्म की सभी पुस्तकों में लिखी हुई है, लिहाजा वह इस्लाम धर्म की पुस्तकें लेकर दिल्ली की जामा मस्जिद जाएंगे और इस बारे में लोगों को जानकारी देंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर