Amit Shah Rally Latehar: झारखंड में अमित शाह की ललकार, राम मंदिर की राह में कांग्रेस थी बाधा

झारखण्ड इलेक्शन
Updated Nov 21, 2019 | 13:45 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Amit Shah Rally Latehar Today: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए एक बार फिर बीजेपी सरकार की जरूरत है।

amit shah rally latehar jharkhand election 2019
झारखंड में 30 नवंबर को पहले चरण का मतदान 
मुख्य बातें
  • झारखंड में 30 नवंबर को होगा पहले चरण का मतदान
  • झारखंड में इस समय आजसू के साथ बीजेपी की सरकार
  • 24 दिसंबर को आएंगे झारखंड विधानसभा के नतीजे

नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लातेहार में मिशन झारखंड का औपचारिक आगाज किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब कमल खिला तो झारखंड राज्य बना। दिल्ली में कमल की सरकार है और झारखंड में विकास की पहिया तेज गति से घूम रहा है। रघुवर दास सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 5 लाख लोगों को घर मिला है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर हमला किया। 

लातेहार की चुनावी रैली में अमिक शाह ने राम मंदिर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस पार्टी के नेता दोहरी बात करते हैं, सच ये है कि कांग्रेस की तरफ से राम मंदिर निर्माण में तरह तरह के अड़ंगे लगाए गए। अब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला दिया है तो भी खुलकर वो अपनी बात रख पाते हैं क्योंकि आप सबको पता है कि उनके नेताओं को किस बात से डर लगता है। 


अमित शाह ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस ने कुछ अच्छा किया होता तो उसकी गति खराब नहीं होती। कांग्रेस ने समाज के हर वर्ग को सिर्फ छलने का काम किया है। आदिवासी समाज के विकास की बात करने वाली कांग्रेस ने क्या कुछ किया था वो सबके सामने है। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झामुमो को झारखंड की जनता ने विकास का अवसर दिया था।लेकिन क्या हुआ सबको पता है। 

 

उन्होंने कहा कि अगर झारखंड में सरकार वापसी करती है तो आरक्षण पर आयोग बनाया जाएगा। इसके साथ ही कहा कि बीजेपी सरकार में लोगों को उनके अधिकार मिले हैं। यही नहीं बिना किसी अस्थिरता के बीजेपी गठबंधन की सरकार चल रही है। मतदाताओं से वो बोले कि आपका हर एक वोट कीमती है और उसे जाया न होने दें। अब जब चुनाव का मौका है तो वो दल लोगों के बीच सामने आ रहे हैं जिनका पिछले पांच वर्षों में झारखंड की जनता से वास्ता नहीं था। 

 

 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर