Maharashtra-Haryana poll result: महाराष्ट्र में सरकार की तस्वीर साफ, हरियाणा में फंसा पेंच, मुख्य बातें

महाराष्ट्र चुनाव
Updated Oct 24, 2019 | 14:57 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Maharashtra and Haryana Election Result Highlights : महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना की सरकार बनना तय है। रुझान स्थिर हो गए हैं और ये नतीजों में बदल जाएंगे। भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 161 सीटें जीतना तय है।

Maharashtra-Haryana poll result 2019: Key Highlights of both states
महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2019। 
मुख्य बातें
  • महाराष्ट्र में बनेगी भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार, कांग्रेस-एनसीपी की हार
  • हरियाणा में बनी त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति, जजपा के पास है सत्ता की चाबी
  • हरियाणा में खट्टर सरकार के मंत्री हारे, रणदीप सुरजेवाला भी नहीं बचा पाए कुर्सी

नई दिल्ली : महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के अब तक के रुझानों से लगभग चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो गई है। समझा जा रहा है कि ये  रुझान थोड़े-बहुत परिवर्तन के साथ नतीजों में तब्दील हो जाएंगे। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना गठबंधन की सरकार बनना तय माना जा रहा है। हरियाणा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और यहां त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन गई है। सत्ता की चाबी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के पास है। हालांकि, जजपा ने समर्थन देने को लेकर अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। 

हरियाणा में भाजपा के प्रदर्शन पर पार्टी आलाकमान की नजर है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली तलब किया है। इस बीच, भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी सरकार बनाने की संभावनाओं को टटोलना शुरू कर दिया है। हरियाणा में सरकार बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को जजपा अथवा अन्य के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। रुझानों के आने के बाद दोनों राज्यों के राजनीतिक घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-

महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों पर शरद पवार की प्रतिक्रिया
पवार ने कहा-'चुनाव में विपक्ष ने कड़ी मेहनत की। कांग्रेस और राकांपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं। सत्ता आती और जाती है लेकिन आप किसी उद्देश्य के प्रति समर्पित रहें, यह जरूरी है।'

पंकजा मुंडे पीछे
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा उम्मीदवर पंकजा मुंडे परली विधानसभा सीट पर राकांपा उम्मीदवार और अपने भतीजे धनंजय मुंडे से पीछे चल रही हैं। महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री गोपनाथ मुंडे की बेटी पंकजा ने 2014 के विधानसभा चुनाव मनें धनंजय को करीब 25 हजार वोटों से हराया था।

भाजपा-शिवसेना गठबंधन की बनेगी सरकार-संजय राउत   
महाराष्ट्र के चुनाव रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी और भाजपा मिलकर महाराष्ट्र में अगली सरकार बनाएगी। राउत ने कहा कि दोनों पार्टियां '50-50' के अपने फॉर्मूले पर काम करेंगी। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। भाजपा-शिवसेना गठबंधन 161 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 है।

निर्दलीयों पर दबाव बना रही भाजपा-डीएस हुड्डा
कांग्रेस नेता डीएस हुड्डा ने मीडियाकर्मियों से कहा कि ज्यादातर निर्दलीय विधायक कांग्रेस के साथ आना चाहते हैं लेकिन भाजपा इन विधायकों पर दबाव बना रही है। लोकतंत्र में यह स्वीकार्य नहीं है। निर्दलीयों को अपनी इच्छा से पार्टी चुनने का हक होता है। उन्होंने कहा, 'मैं मीडिया के जरिए चुनाव आयोग से अपील करना चाहता हूं कि वह इस मामले को देखे।'

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष का इस्तीफा
हरियाणा में भाजपा के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बारला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बारला तोहना सीट से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के उम्मीदवर देविंदर सिंह बाबली से 25 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं। 

हरियाणा ने मजबूत सरकार बनाने की अपील की
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने राज्य में कांग्रेस, जेजेपी और इनेलो की सरकार बनाने की अपील की है। बीएस हुड्डा ने कहा, 'समय आ गया है कि हरियाणा में एक मजबूत सरकार बनाने के लिए कांग्रेस, जेजेपी और इनेलो एक साथ आएं।'

दुष्यंत का सीएम पद से इंकार
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दुष्यंत चौटाला ने गुरुवार को उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज किया जिनमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर उनकी कांग्रेस के साथ बातचीत चल रही है। रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस ने चौटाला को मुख्यमंत्री पद की पेशकश की है।

हरियाण सरकार के 7 मंत्री चल रहे पीछे
चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक राम बिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यू और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला सहित हरियाणा सरकार के 7 मंत्री पीछे चल रहे हैं।   


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर