'जर्मनी में फहराया गया पाकिस्तानी झंड़ा'; BJP नेता का कांग्रेस पर गंभीर आरोप, IOC ने आरोपों को नकारा

देश
Updated Feb 23, 2021 | 16:12 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

बीजेपी नेता सुरेश नाखुआ ने एक तस्वीर साझा की जिसमें जर्मनी में कृषि कानूनों के विरोध के दौरान पाकिस्तान का झंडा फहराया जा रहा है। इसे लेकर उन्होंने कांग्रेस को घेरा।

pak flag
सुरेश नाखुआ ने शेयर की तस्वीर 

नई दिल्ली: देश में चल रहे किसान आंदोलन को लगभग 3 महीने होने वाले हैं। बीच-बीच में कई ऐसी बातें सामने आती हैं, जिससे पता चलता है कि देश को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतें इस किसान आंदोलन में दिलचस्पी ले रही हैं। अब एक और घटना सामने आई है। दरअसल, जर्मनी में भारत के नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान का झंडा कथित रूप से फहराया गया। भाजपा नेता सुरेश नाखुआ ने इसकी तस्वीर भी शेयर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस कार्यक्रम का आयोजन इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

इस फोटो को ट्वीट करते हुए नाखुआ ने लिखा, 'राहुल गांधी की कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ मिला हुआ है। जर्मनी में किसान विरोध में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पदाधिकारियों ने पाकिस्तान का झंडा फहराया। नीले रंग में चरण कुमार है जो पाकिस्तानी ध्वज को पकड़े हुए है। लाल रंग में राज शर्मा है जो IOC जर्मनी में पदाधिकारी है।' इस पोस्ट को अन्य भाजपा नेताओं ने भी शेयर किया। 

IOC जर्मनी ने रखा पक्ष

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने भाजपा नेता के दावों पर प्रतिक्रिया देते स्पष्ट किया कि पाकिस्तान का झंडा पकड़ने वाले व्यक्ति का पार्टी से संबद्ध नहीं हैं। इसमें कहा गया है कि राज शर्मा आईओसी जर्मनी में कार्यकर्ता हैं। हम साफ करना चाहते हैं कि राज शर्मा 65 साल के हैं और गौरवान्वित भारतीय हैं। जबकि सुरेश नाखुआ द्वारा शेयर की गई तस्वीर में कोई जवान व्यक्ति है।

इसमें आगे ये भी कहा गया है कि IOC जर्मनी ने इस प्रकार का कोई भी आयोजन नहीं किया है और न ही इसमें आईओसी जर्मनी का कोई सदस्य दिख रहा है। हमारे सदस्य सच्चे देशभक्त हैं और महान देश के मूल्यों और गौरव को ऊंचा रखने वाले हैं। इस आयोजन से और पाकिस्तान का झंडा फहराने वाले व्यक्ति से हमारा कोई संबंध नहीं है। ये बीजेपी और आईटी का प्रौपेगैंडा है ताकि कांग्रेस की छवि को खराब किया जा सके। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर