[Video] फिरौती मांगने के आरोप में रिजवान कासकर गिरफ्तार, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का है भतीजा

देश
Updated Jul 18, 2019 | 14:37 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

डी कंपनी के सरगना दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान कासकर को मुंबई पुलिस ने बुधवार रात एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। रिजवान कासकर दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर का बेटा है।

Police arrested Rizwan kaskar
फिरौती मांगने के आरोप में मुंबई पुलिस ने रिजवान कासकर को गिरफ्तार किया 

मुंबई। पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मुंबई पुलिस ने बुधवार रात डी कंपनी के सरगना दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान कासकर को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। रिजवान पर अवैध तरीके से फिरौती मांगने का आरोप है। पुलिस ने रिजवान को उस वक्त हिरासत में लिया जब वह भारत छोड़कर विदेश भागने की फिराक में था।

बता दें कि रिजवान अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर का बेटा है। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने दो दिन पूर्व अहमद रजा को गिरफ्तार किया था। अहमद रजा अफरोज वधारिया उर्फ अहमद छोटा शकील का करीबी है और वह डी कंपनी द्वारा संचालित हवाला रैकेट का आरोपी है।

रिपोर्ट के मुताबिक डी कंपनी द्वारा हवाला रैकेट मुंबई, ठाणे और सूरत में चलाया जा रहा है। अहमद रजा को गिरफ्तार करने के बाद जब उससे पूछताछ की जा रही थी तभी पुलिस को रिजवान की बारे में अहम सूचना मिली थी। इससे पहले ठाणे पुलिस ने रिजवान के पिता इकबाल कासकर को भी जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था।

गौरतलब है कि अहमद रजा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को कई अन्य अहम जानकारियां डी कंपनी के बारे में मिल सकती है। रजा दाऊद इब्राहिम के करीब फहीम मचमच से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जब अहमद रजा को गिरफ्तार किया था तो उसके पास से 4 मोबाइल फोन भी मिले थे। फोन की जांच के दौरान पुलिस को अहमद और मचमच के बीच बातचीत का ऑडियो मिला था। पुलिस अहमद और मचमच के बीच संबंधों की भी जांच में जुटी है। बता दें कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम मुंबई में हुए 1993 बम विस्फोट का मुख्य आरोपी है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर