हाथरस कांड के मुख्य आरोपी का सपा से कनेक्शन,सवाल पूछने पर पत्रकार पर भड़के अखिलेश,बोले- बस इतने में बिक गए तुम

देश
Updated Mar 02, 2021 | 18:07 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Hathras case: हाथरस में एक शख्स को गोली मारने वाले केस में मुख्य आरोपी गौरव शर्मा का संबंध समाजवादी पार्टी से निकला है। इस संबंध में जब अखिलेश यादव से सवाल किया गया तो वो भड़क उठे।

gaurav songra
गौरव सौंगरा 

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हाथरस में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सासनी क्षेत्र के ग्राम नौजरपुर में ढाई साल पूर्व की रंजिश के चलते एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। मुख्य आरोपी पर 2018 में छेड़खानी का आरोप लगा था। आरोपी ने मृतक की बेटी के साथ ही छेड़खानी की थी। अभी आरोपी गौरव शर्मा की पत्नी और मौसी की उसी लड़की और उसकी बहन के साथ कहासुनी हो गई। गौरव शर्मा इस झगड़े के बीच में आया और उसने मौसी के बेटे और दोस्तों को बुलाकर घटना को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव शर्मा व अन्यों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कहा है कि 1 नामजद हत्यारोपी ललित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अभियुक्तों की भी शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी। 

इस घटना को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर है। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी पीड़िता के वीडियो को ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा। लेकिन अब सामने आया है कि मुख्य आरोपी सपा से ही जुड़ा हुआ है। पीड़िता ने भी कहा कि आरोपी सपा से संबंध रखता है। सपा के कई पोस्टर भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें गौरव भी है। छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गौरव शर्मा 2018 में एक महीने के लिए जेल गया था। उसे एक महीने बाद स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी। 

इसी संबंध में जब अखिलेश यादव से सवाल किया गया तो वो बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने कहा, 'आप फिर बिक गए, फिर बिक गए तुम, बस इतने में बिक गए तुम, जरा अपने चैनल का नाम बताओ। तुम बिके हुए आदमी हो।'

मृतका की बेटी ने कहा कि गौरव की बीवी और मौसी ने मुझे धमकी दी। गौरव आया और उसके धमकी दी कि केस वापस ले ले और इसके बाद उसने गोली मार दी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर