'राम मंदिर के लिए सत्ता छोड़ने में जरा भी देरी नहीं की', कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन के बाद बोले शाह 

Kalyan Singh News : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि कल्याण सिंह के निधन से भारतीय जनता पार्टी को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है। उनके जाने से जो रिक्तता बनी है, उसे लंबे समय तक नहीं भरा जा सकेगा।

Kalyan Singh quit as UP CM without second thought for Ram Janmabhoomi Andolan: Amit Shah
अमित शाह ने दिवगंत कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि। 
मुख्य बातें
  • कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुष्पांजलि अर्पित की
  • अलीगढ़ के अतरौली में किए अंतिम दर्शन, सीएम योगी सहित भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
  • केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा नेता ने कहा कि कल्याण सिंह के जाने से भाजपा में एक बड़ी रिक्तता बनी है

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन करने अलीगढ़ के अतरौली पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि 'बाबू जी के जाने से भारतीय राजनीति में एक बड़ी रिक्तता बनी है, उसे लंबे समय तक नहीं भरा जा सकेगा।' गृह मंत्री ने कहा कि राम मंदिर जन्मभूमि आंदोलन के लिए सत्ता छोड़ने में उन्होंने जरा भी देरी नहीं की। गरीब परिवार से उठकर और विचारधारा के लिए किया गया उनका संघर्ष हम भाजपा कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करेगा। 

'बाबू जी का जाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति'
दिवंगत कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शाह ने कहा, 'कल्याण सिंह का इस दुनिया से चला जाना भाजपा के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। राम जन्मभूमि आंदोलन के कल्याण सिंह एक बड़े नेता रहे हैं। राम जन्मभूमि के लिए सत्ता त्याग करने में उन्होंने जरा भी नहीं सोचा। जब श्रीराम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ तो उसी दिन मेरी बात बाबू जी से हुई। उन्होंने बड़े हर्ष एवं संतोष के साथ बताया कि उनके जीवन का लक्ष्य आज पूरा हो गया। उनका पूरा जीवन यूपी के विकास और गरीबों के लिए समर्पित रहा।'

कल्याण सिंह हमेशा हमें प्रेरित करते रहेंगे-शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'यूपी को देश का सबसे अच्छा प्रदेश बनाने के लिए उन्होंने काम किया। कल्याण सिंह जी गरीबी से उठकर इतने बड़े नेता बने और विचारधारा के लिए संघर्ष किया, ये सारी बातें भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती हैं। बाबू जी के जाने से भाजपा में एक बड़ी रिक्तता बनी है। इस रिक्तता को लंबे समय तक भर पाना मुश्किल होगा। वह लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूर थे लेकिन उनके अंतिम संस्कार में इतना बड़ा जनसैलाब का उमड़ना उनकी लोकप्रियता को बताता है।'

लंबी बीमारी के बाद शनिवार को हुआ निधन
गत शनिवार को लंबी बीमारी के बाद कल्याण सिंह का लखनऊ स्थित एसपीजीआई अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार पाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को लखनऊ पहुंचे और उनका अंतिम दर्शन किया। कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के दो बार जून 1991 से दिसंबर 1992 तक और सितंबर 1997 से नवंबर 1999 तक यूपी के सीएम रहे। वह साल 2014 से 2019 तक राजस्थान के राज्यपाल भी रहे। सिंह की पहचान एक प्रखर हिंदूवादी नेता के रूप में रही। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर