Amar Singh Died: राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर में चल रहा था इलाज

देश
किशोर जोशी
Updated Aug 01, 2020 | 18:20 IST

राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह का निधन हो गया है। अमर सिंह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

Rajya Sabha MP Amar Singh Passes Away in Singapore
राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर में चल रहा था इलाज 
मुख्य बातें
  • राज्यसभा सांसद अमर सिंह का लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन
  • पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे अमर सिंह, सिंगापुर में ली अंतिम सांस
  • अमर सिंह के सभी दलों के नेताओं के साथ थे मधुर संबंध

नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह का निधन हो गया है। 64 साल के अमर सिंह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और सिंगापुर में उनका इलाज चल रहा था। किडनी की समस्या सहित अन्य समस्याओं से जूझ रहे अमर सिंह को राजनीति का पुरोधा भी कहा जाता था। कुछ समय पहले ही अमर सिंह का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। पिछले काफी समय से बीमार होने की वजह से अमर सिंह ने सामाजिक औऱ राजनीतिक जीवन से दूरी बना ली थी। अमर सिंह के निधन पर तमाम नेताओं ने दुख जताया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले अमर सिंह को राजनीति का मझा हुआ खिलाड़ी माना जाता था। अमर सिंह के सभी दलों में अच्छे संबंध थे। राजनीति के आखिरी दिनों में अमर सिंह को काफी बेरूखी का सामना करना पड़ा था और पिछले 6 महीने से उनका इलाज चल रहा था।

बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने अमर सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा, 'अमर सिंह को सांसद और एक व्यक्ति जिन्हें मैं लंबे समय से जानता था, उनका आज निधन हो गया। हालाँकि वह ज्यादातर समय समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए थे लेकिन हर दल के नेताओं के बीच दोस्त बनाए। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना'

इसी साल मांगी थी अमिताभ बच्चन से माफी

 एक समय अमर सिंह की गिनती समाजवादी पार्टी के सबसे अहम चेहरों के रूप में होती थी और सपा में मुलायम सिंह के बाद उनका सबसे अधिक बोलबाला था। इसी साल फरवरी में उन्होंने अमिताभ बच्चन से माफी भी मांगी थी। 1996 में राज्यसभा सदस्य के चुने जाने के साथ अमर सिंह की राजनीति में एंट्री हुई थी। अमर सिंह और अमिताभ बच्चन का करीबी रिश्ता रहा था। 

अखिलेश से मधुर नहीं रहे संबंध

 जब से सपा की कमान अखिलेश यादव के हाथों में गई तब से वो पार्टी से किनारे लगते गए। 2017 में हुए समाजवादी पार्टी के कलह के बाद तो अमर सिंह को अखिलेश यादव ने विलेन माना और जमकर उनकी आलोचना की। यहीं नहीं सपा के राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल वर्मा ने भी अमर सिंह को निशाने पर लिया था। कुछ समय पहले ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुडे़ एक संगठन को अपनी गांव की संपत्ति दान देने का ऐलान किया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर