भाजपा बोली-कोलकाता दौरे पर नड्डा की सुरक्षा में थी खामी, केंद्र ने ममता सरकार से रिपोर्ट मांगी 

JP Nadda Kolkata visit : नड्डा का यह पश्चिम बंगाल का दौरा उनके 120 दिनों के राष्ट्रव्यापी दौरे का हिस्सा है। राज्य में विधानसभा चुनाव 2021 में होने हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटे हैं।

security lapse during party president JP Nadda's visit to Kolkata :  Dilip Ghosh
नड्डा की सुरक्षा पर केंद्र ने ममता सरकार से रिपोर्ट मांगी। 
मुख्य बातें
  • दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे हैं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा
  • कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर निशाना साधा
  • भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ममता सरकार को सही आंकड़े नहीं देती

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की कोलकाता यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा में खामी होने का दावा किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने इस बारे में गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। घोष ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की कोलकाता यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा में खामी थी क्योंकि बुधवार को हुए पार्टी अध्यक्ष के कार्यक्रम में पुलिस मौजूद नहीं थी। घोष के पत्र के बाद गृह मंत्रालय ने ममता सरकार से रिपोर्ट तलब की है। नड्डा अपनी दो दिन के दौरे पर बुधवार को कोलकाता पहुंचे।

सही आंकड़े नहीं देती ममता सरकार-नड्डा
कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध की जानकारी नेशनल क्राइम रिकॉर्डस को देना बंद कर दिया है। यही नहीं राज्य सरकार कोविड-19 केसों की संख्या भी केंद्र सरकार को उपलब्ध नहीं करा रही है। ममता सरकार पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा, मानव तस्करी एवं रेप के मामले सबसे ज्यादा हैं। 

भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया
कोलकाता पहुंचे भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन किया। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है। भाजपा के नए कार्यालयों में ई-लाइब्रेरी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं मीटिंग हॉल की सुविधाएं होंगी। नड्डा ने कहा, 'मुझे खुशी है कि यहां नौ कार्यालयों का उद्घाटन हुआ है। राज्य में आठ और कार्यालयों बनाए जाएंगे।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विस चुनाव में पार्टी 200 सीटें जीतेगी क्योंकि पश्चिम बंगाल के लोग भाजपा और पीएम मोदी के साथ हैं। 

अगले साल होने हैं राज्य में चुनाव
नड्डा का यह पश्चिम बंगाल का दौरा उनके 120 दिनों के राष्ट्रव्यापी दौरे का हिस्सा है। राज्य में विधानसभा चुनाव 2021 में होने हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटे हैं। इस बार चुनाव में भाजपा और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 40.64 वोटों के साथ 42 सीटों में से 18 सीटें जीतने में सफल हुई। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर