जयपुर में बीजेपी विधायकों का अभ्यास वर्ग, महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ

Rajasthan News : विधायक अभ्यास वर्ग में मंगलवार को कई सत्र रहे। प्रथम सत्र में विधायक पुष्पेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं हमारी विकास यात्रा’ विषय पर नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने संबोधित किया।

BJP Rajasthan organising MLA Training Camp in Jaipur
महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ। 

जयपुर : राजस्थान में करीब डेढ़ साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर करने की तैयारियां शुरू कर दी है। बीजेपी एक तरफ अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और प्रशिक्षित करने का काम कर रही है तो दूसरी तरफ अपने विधायकों को प्रशिक्षित कर रही है। जयपुर में भाजपा ने अपने विधायकों के लिए अभ्यास वर्ग आयोजित किया है। बीजेपी राजस्थान के प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने विधायक अभ्यास वर्ग में अपने विधायकों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। एक सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने ‘हमारा विचार परिवार’ विषय पर विधायकों को संबोधित किया।

अभ्यास वर्ग में मंगलवार को कई सत्र रहे
विधायक अभ्यास वर्ग में मंगलवार को कई सत्र रहे। प्रथम सत्र में विधायक पुष्पेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं हमारी विकास यात्रा’ विषय पर नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने संबोधित किया। वहीं द्वितीय सत्र में विधायक विट्ठल अवस्थी की अध्यक्षता में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने ‘हमारा विचार परिवार’ विषय पर संबोधित किया।

अध्यक्षता विधायक निर्मल कुमावत ने की
विधायक अभ्यास वर्ग में पार्टी की रीति-नीति, विकास यात्रा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 8 साल और मिशन 2023 सहित अन्य विषयों पर सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने विधायक अभ्यास वर्ग शिविर में ‘हमारी कार्यपद्धति की विशेषताएं’ विषय पर संवाद किया। जिसकी अध्यक्षता विधायक निर्मल कुमावत ने की।

कई विषयों पर रखे जाएंगे विचार
जानकारी के अनुसार, बुधवार को 8 साल मोदी सरकार-युगांतकारी परिवर्तन, मीडिया एवं सोशल मीडिया, मिशन 2023 एवं बूथ सशक्तिकरण अभियान, आपातकाल एवं लोकतंत्र बहाली में हमारी भूमिका जैसे विषयों पर विधायकों को संबोधित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भी दो दिवसीय प्रवास पर आज पहुंच रहे हैं।

भाजपा के कई नेताओं ने किया योग
9 जून को अभ्यास वर्ग में जीवन मूल्यों के धनी राजनीतिक व्यक्तित्व, कांग्रेस की जनविरोधी नीतियां एवं जन आंदोलन आदि विषयों पर संबोधन होंगे। "विधायक अभ्यास वर्ग" के एक सत्र की अध्यक्षता विधायक सूर्यकांता व्यास ने की जिसमें वक्ता प्रदेश सह-प्रभारी भारती बेन सियाल ने भाजपा राज्य सरकारों द्वारा सुशासनकारी नीतियों के बारे में अवगत कराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित भाजपा विधायकों ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान योग, ध्यान और व्यायाम भी किया।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर