राजस्थान के बांसवाडा में महिला को सरेआम चाकुओं से गोद डाला, कातिल ने दोस्तों को फोन कर दी खाकी को चुनौती

Rajasthan Crime: जन्मदिन की पार्टी से रात को अपने घर लौट रही महिला पर एक सिरफिरे आशिक ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे, इस बीच उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

Rajasthan Crime
राजस्थान में महिला को चाकुओं से गोदा  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • जन्मदिन की पार्टी से रात को अपने घर लौट रही थी महिला
  • सिरफिरे आशिक ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर घायल कर दिया
  • आरोपी मृतका पर शादी के लिए दबाव बना रहा था

Rajasthan Crime: राजस्थान के बांसवाड़ा में एक तरफा प्यार में एक महिला की चाकुओं से गोद कर हत्या करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां पर एक जन्मदिन की पार्टी से रात को अपने घर लौट रही महिला पर एक सिरफिरे आशिक ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे, इस बीच उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक पिछले लंबे समय से आरोपी मृतका पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। घटना बांसवाड़ा जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना इलाके की है। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस को घटना स्थल पर खून बिखरा पड़ा मिला। वहीं मृतका के परिजनों को जानकारी मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। 

सरेआम चाकुओं से गोदा

पुलिस के मुताबिक शहर के मुस्लिम कॉलोनी में रहने वाली मृतका शहनाज अपनी भाभी निश्रीन काटका के साथ रिश्तेदार की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद घर लौट रही थी। इस बीच एक तिराहे पर पहले से मौजूद आरोपी मुर्तजा ने उससे बात करने के बहाने रोका व इसके बाद सबसे पहले उसके सीने में चाकू से वार किया। बाद में कई वार कर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि, मृतका शहनाज के तीन बच्चे हैं। आरोपी मृतका पर शादी का दबाव बना रहा था। उसने इसे लेकर अपनी पत्नी को भी तलाक दे दिया था। आरोपी भी इसी इलाके का रहने वाला है। 

खाकी को दी पकड़ने की चुनौती

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि, वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल मुर्तजा ने अपने दोस्तों को फोन कर कहा कि, वह मर जाएगा पर पुलिस के हाथ नहीं आएगा। उसने दोस्तों को यह भी कहा कि, उसे शहनाज ने प्यार में धोखा दिया है, जिसकी सजा उसने शहनाज को दे दी। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कातिल की शनाख्त कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। उसे कागदी बांध पर भी तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए सुसाइड भी कर सकता है। 


 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर