Jaipur Crime: महिला टीचर का गुनाह बस इतना था, उधार के पैसे मांगे तो बदमाशों ने किया ये, जानिए पूरा मामला

Jaipur Crime: हादसे में गंभीर झुलसी महिला अध्यापिका ने मंगलवार देर रात्रि को जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गत 10 अगस्त को हुई घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

Jaipur Crime
जयपुर में महिला टीचर को जिंदा जलाया  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • उधार के रूपए मांगे तो रिश्तेदारों ने जिंदा जला दिया
  • महिला जल रही थी लोग वीडियो बना रहे थे
  • पुलिस का दावा आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे

Jaipur Crime: राजस्थान में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिसमें एक महिला अध्यापिका को कुछ लोगों ने जिंदा जला दिया। टीचर का बस इतना ही गुनाह था कि, उसने आरोपियों से अपने उधार दिए गए रूपए मांग लिए। मामला राजधानी से चंद किमी दूर गांव रायसर का है। मामले को लेकर अब खाकी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

हादसे में गंभीर झुलसी महिला अध्यापिका ने मंगलवार देर रात्रि को जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गत 10 अगस्त को हुई घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक गांव रायसर में रैगरों के मोहल्ले में एक निजी स्कूल की टीचर अनीता रैगर (32) अपने बेटे राजवीर (6) के साथ स्कूल जा रही थी। इस बीच कुछ लोगों ने उसे घेर कर हमला कर दिया। जयपुर ग्रामीण एएसपी धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर  रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 

बचने के लिए घर में भी घुसी

पुलिस के मुताबिक टीचर खुद को बचाने के लिए मौके पर मौजूद एक घर में घुस गई। इस दौरान उसने पुलिस को भी सूचना दी। मगर, पुलिस पहुंचती इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर पेट्रोल डाल आग लगा दी। वह चिल्लाती रही, मगर कोई हाथ उसकी मदद के लिए नहीं उठा। मौके पर जमा लोगों की भीड़ इंसानियत को ताक पर रखकर उसके जिंदा जलने का वीडियो बनाते रहे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता का पति ताराचंद मौके पर पहुंचा। बुरी तरह झुलस चुकी अपनी पत्नी अनीता को जमवारामगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया। 70 प्रतिशत झुलस चुकी पीड़िता जयपुर के एसएमस अस्पताल की बर्न यूनिट में एक सप्ताह तक सांसें बचाने के लिए लड़ती रही। 

उधार दिए रुपए बनें मौत की वजह

पुलिस ने बताया कि, महिला के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों को महिला टीचर ने करीब ढाई लाख रूपए उधार दे रखे थे। मृतका की ओर से अपने रूपए मांगने के लिए किया गया तकादा उसकी परेशानी बन गया। आरोपियों ने कई बार उसके साथ मारपीट की। वहीं पति व परिजनों ने आरोप लगाया कि, अनीता ने गत 7 मई को रायसर पुलिस थाने में मामला भी दर्ज करवाया था। मगर पुलिस कार्यवाही के अभाव में आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। इधर, महिला के पति और परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए जयपुर ग्रामीण एएसपी धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि, महिला की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ही उसे लेकर अस्पताल गई थी। पीड़िता ने कुल 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी थी। जिसमें छह आदमी और 3 महिलाओं को आरोपी बताया था। महिला के पति ताराचंद के मुताबिक गांव के ही उनके रिश्तेदारों ने ही मेरी पत्नी को जिंदा जलाया है। पुलिस के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 


 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर