Jaipur News: सांगानेर में नई नवेली दुल्हन की ऐसी हरकत जान, दंग रह गए सब, पति ने लगाई खाकी दर पर गुहार

Jaipur Robber Bride: राजधानी जयपुर में एक और लुटेरी दुल्हन का मामला आया सामने दुल्हन शादी के बाद ससुराल में महज ढाई महीने ही रुकी। शातिर महिला ने शादी के नाम पर पहले ही ढाई लाख रुपए ठग लिए। इसके बाद मौका मिलते ही जेवरात समेट कर चंपत हो गई।

Jaipur robber bride
लूटकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • शातिर महिला ने शादी के नाम पर पहले ही ठग लिए ढाई लाख
  • 25 हजार रुपए कैश सहित सोने-चांदी के जेवरात व अपने कपड़े लेकर फरार हुई
  • रितामणी ने वापस ससुराल लौटने से किया इंकार

Jaipur Robber Bride: राजधानी जयपुर में आभूषणों सहित नगदी लेकर लुटेरी दुल्हन के ससुराल से फरार होने की घटना सामने आई है। शादी के बाद आरोपी दुल्हन ससुराल में महज ढाई महीने ही रुकी। शातिर महिला ने शादी के नाम पर पहले ही ढाई लाख ठग लिए थे। इसके बाद मौका मिलते ही जेवरात समेट चंपत हो गई। मामला राजधानी के सांगानेर थाना इलाके के सेक्टर-3 का है। खुद के साथ ठगी होने का अहसास होने के बाद पीड़ित पति ने अपनी ठग पत्नी सहित उसके कई रिश्तेदारों के खिलाफ सांगानेर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। 

पहले ठगे ढाई लाख

सांगानेर पुलिस के मुताबिक 45 वर्षीय एक शख्स ने ठगी की आरोपी महिला रितामणी, उसके रिश्तेदार राधा मोहन शर्मा व बलराम शर्मा समेत 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने रिपोर्ट में लिखा है कि, 10 मई को उसके रिश्तेदार निवाई निवासी बलराम शर्मा व सवाई माधोपुर के राधा मोहन शर्मा घर पर रिश्ते की चर्चा करने आए। उन्होंने बताया कि, हमारी रिश्तेदारी में एक लड़की है, जिसका परिवार असम में रहता है। वे जयपुर में बेटी का रिश्ता करना चाहते हैं। अगर तुम राजी हो तो बात को आगे बढ़ाएं। वे असक्षम हैं इसलिए शादी का खर्च तुम्हें उठाना पड़ेगा। इसके बाद सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सहमती बनीं व दो बार में खर्च के नाम पर 50- 50 हजार रुपए ले लिए। इसके बाद जयपुर के देहलावास बालाजी मंदिर में शादी की रस्मे तय हुईं। वहीं रिश्तेदारों व परिचितों के लिए खाने की व्यवस्था की गई। एन मौके पर लड़की के परिजन डेढ़ लाख की मांग करने लगे। समाज के लोग मौजूद थे। शादी का मंडप सजा था, इसलिए बदनामी के डर से डेढ़ लाख रुपए नगद दिए। 

रात्रि में जेवरात समेट चंपत हुई

पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने बताया कि, विवाह होने के कुछ दिन बाद लड़की ससुराल में रहीं। इसके बाद अपने मायके जाने की जिद करने लगी। मायके जाने के लिए उसे 15 हजार रुपए दिए। कुछ दिन वहां रूकने के बाद उसे परिजन 27 जून को वापस सांगानेर छोड़कर चले गए। फिर 13 अगस्त की रात रितामणी फरार हो गई। दूसरे दिन कमरे में जगाने गए तो वह गायब मिली। इसके बाद रिश्तेदारों व उसके परिजनों को उसकी इस हरकत के बारे में बताया तो रितामणी ने वापस ससुराल लौटने से इंकार कर दिया। 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर