बुजुर्ग ने दिखाई हिम्मत, वैक्सीनेशन के बहाने घर में घुसे बदमाश से छिनी पिस्टल, तीसरी आंख की जद में आया आरोपी

Jaipur News: बदमाश वैक्सीनेशन सर्वे के बहाने रिटायर्ड अधिकारी के घर में दाखिल हुआ था। इसके बाद दंपत्ति को पिस्टल की नोक पर बंधक बनाने का प्रयास किया। मगर रिटायर्ड अधिकारी ने हौसला दिखाते हुए बदमाश का सामना किया और पिस्टल छीन ली। इसके बाद बदमाश घबराकर भाग गया। 

Jaipur News
जयपुर में वैक्सीनेशन सर्वे के बहाने घर में घुसा था बदमाश  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • बदमाश ने रिटायर्ड अधिकारी दंपत्ति को पिस्टल के दम पर बंधक बनाने की कोशिश की
  • अधिकारी ने बदमाश का मुकाबला करते हुए उसकी पिस्टल छीन ली
  • बदमाश वैक्सीनेशन सर्वे के बहाने अधिकारी के घर में दाखिल हुआ था

Jaipur News: राजस्थान के कोटा में रिटायर्ड अधिकारी दंपत्ति को पिस्टल के दम पर बंधक बनाने की कोशिश पर उस समय पानी फिर गया। जब अधिकारी ने बदमाश का मुकाबला करते हुए उसकी पिस्टल छीन ली। इसके बाद बदमाश ने मौके से भागने में ही अपनी भलाई समझी। अब शहर में रिटायर्ड अधिकारी के हौसले की हर कोई तारीफ कर रहा है। मामला शहर के तलवंडी सेक्टर-1 एरिया में गुरुवार की दोपहर का है।

दरअसल बदमाश वैक्सीनेशन सर्वे के बहाने अधिकारी के घर में दाखिल हुआ था। इसके बाद दंपत्ति को पिस्टल की नोक पर बंधक बनाने का प्रयास किया। जब अधिकारी ने सामना किया तो बदमाश ने अपने अन्य साथियों के बाहर मौजूद होने की धमकी भी दी, मगर अधिकारी ने हौसला दिखाते हुए बदमाश का सामना किया और पिस्टल छीन ली। इसके बाद घबराकर बदमाश भाग गया। 

इस बहाने से आया बदमाश घर में 

जवाहर नगर एसएचओ वासुदेव सिंह के मुताबिक एक फर्टिलाइजर फैक्ट्री से डिप्टी जनरल मैनेजर की पोस्ट से रिटायर्ड महेश शर्मा (63) व उनकी पत्नी हेमलता (58) शहर के तलवंडी इलाके में स्थित मकान में रहते हैं। गुरुवार दोपहर को एक बदमाश ने उनके घर आकर कहा कि, वो स्वास्थ्य विभाग से कोविड वैक्सीनेशन का सर्वे करने आया है। इस बीच बदमाश ने सर्वे के बहाने से पूछताछ शुरू कर दी। पत्नी हेमलता ने खाना खा रहे पति से जानकारी लेने कमरे में गई तो बदमाश भी उनके पीछे कमरे में चला गया। इसके बाद उसने महेश शर्मा पर पिस्टल तान दी। एसएचओ के मुताबिक बदमाश ने दोनों को एक जगह बैठने का ऑर्डर देने के साथ ही घुड़की दी कि, अगर ज्यादा अक्ल दौड़ाई तो वो अपने बाहर मौजूद साथियों को बुला लेगा। इस बीच रिटायर्ड अधिकारी बदमाश पर झपट पड़े व हाथ से पिस्टल छीन ली। इसके बाद आरोपी घबरा कर मौके से फरार हो गया। 

तीसरी आंख की जद में आया बदमाश

एसएचओ के मुताबिक भागते समय बदमाश का रजिस्टर मौके पर छूट गया। वहीं आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। एसएचओ के मुताबिक रजिस्टर में मिली जानकारी हैरान करने वाली है। बदमाश ने शहर के कई इलाकों के करीब 28 घरों की रैकी कर उनका ब्यौरा रजिस्टर में दर्ज कर रखा था। घटना के समय मकान में रहने वाले किरायेदार भी बाहर गए हुए थे। एसएचओ के मुताबिक पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं उनके घर में लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच कर आरोपी की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी की पिस्टल को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर