Jaipur Water Bill : जयपुर में पहली बार सफाई के लिए स्वाइप होंगे कार्ड, जानिए देना होगा कितना बिल

Jaipur Water Bill : जयपुर नगर निगम की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कचरा प्रबंधन से संबंधित नई व्यवस्था लागू करने पर बात हुई। शहर में लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाने पर भी बात हुई।

Jaipur Greater Municipal Corporation
जयपुर नगर निगम को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में मिलेगी मजबूती  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • जोन के हिसाब से टेंडर किए जाएंगे जारी
  • नालों को चिन्हित कर सफाई करवाई जाएगी
  • अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग्स को हटाया जाएगा

Jaipur Water Bill : जयपुर के कचरा प्रबंधन को अब और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जाएगा। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए जयपुर के नगर निगम ग्रेटर नई व्यवस्था लागू करेगा। जयपुर निगम आयुक्त यज्ञ मित्र सिंहदेव ने नगर निगम ग्रेटर जयपुर के ईसी हॉल में आयोजित बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

इस नई व्यवस्था के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिये जोन वाइज टेंडर जारी किए जाएंगे। प्रत्येक घर के आगे आरएफआईडी कार्ड लगाए जाएंगे। इन्हें कचरा उठाते समय प्रतिदिन स्वाइप किया जाएगा। इसके माध्यम से नगर निगम यूजर चार्ज वसूलेगा। मुख्यालय स्तर से और जोन स्तर से इस कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी।

होगा टेंडर जारी

निगम कार्मिकों द्वारा स्वाइपिंग के दौरान एकत्रित ढेरियों के परिवहन के लिए हर वॉर्ड के लिए हूपर का टेंडर निकाला जाएगा। कचरे को सैकेन्डरी कलेक्शन पॉइंट से कचरा डम्पिंग यार्ड तक पहुंचाने के लिये अलग से टेंडर जारी किया जाएगा। इसी प्रकार सीएनडी वेस्ट को उठवाने के लिये प्रत्येक जोन में एक जेसीबी और दो डम्पर उपलब्ध करवाने के लिए टेंडर जारी होगा।

सीवरेज की समस्या का होगा समाधान

सीवरेज की समस्या के समाधान के लिये प्रत्येक जोन में सुपर सकर मशीन उपलब्ध करवाने और सीवरेज लाइन की डीसिल्टिंग करवाने के लिए भी टेंडर जारी होगा। नाला सफाई के लिये जोन एक्सईएन और सम्बन्धित वार्ड के पार्षद की सूचना के आधार पर नालों को चिन्हित कर सफाई करवाई जाएगी। इस कार्य के लिए भी नगर निगम टेंडर जारी करेगा।

स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर जयपुर निगम तैयार

जयपुर में सफाई की व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने अपनी पहल तेज कर दी है। हालांकि यहां अभी भी निगम को काफी मेहनत करनी होगी। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर जयपुर निगम तैयारियों में जुट गया है। किशनपोल जोन के 21 वार्ड में 1300 सफाई कर्मियों पर एक ही मुख्य सफाई निरीक्षक है। इसको लेकर बीते रोज इस पार्षदों ने ऐतराज जताया था। पार्षदों का कहना है कि शहर के अन्य जोन्स में 5-6 सफाई पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसको लेकर सरकार को ध्यान देना चाहिए।

अवैध होर्डिंग्स हटाए जाएंगे

इस बैठक में निगम आयुक्त ने शहर से अवैध होर्डिंग्स हटवाने के भी निर्देश दिए। इसके लिए सभी जोन में वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। उपायुक्त राजस्व ने बैठक के बाद बताया कि, अवैध होर्डिंग्स के सम्बन्ध में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और विषेष अभियान चलाकर इनको हटाया जा रहा है। इसके तहत शहर में सभी अवैध होर्डिंग्स को उतारने का काम किया जाएगा। इसको लेकर पहले ही नोटिस भेज दिए गए हैं।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर