Jaipur Greater Nagar Nigam: ग्रेटर नगर निगम ने शुरू की 'यूजर चार्ज' वसूलने की तैयारी, जानिए कितनी होंगी दरें

Jaipur Greater Nagar Nigam: जयपुर में ग्रेटर नगर निगम अब यहां के लोगों से यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी कर रहा है। निगम कचरा एकत्रित करने के लिए जल्द निविदाएं जारी करेगा। इस बार नई तकनीक से कचरा संग्रहण होगा। निगम यूजर चार्ज सरकार की ओर से तय की गई दरों के मुताबिक वसूलेगा।

jaipur news
जयपुर ग्रेटर नगर निगम यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी में (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Facebook
मुख्य बातें
  • ग्रेटर नगर निगम यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी में
  • 50 रूपए से 5 हजार तक लगेगा शुल्क
  • बेहाल सफाई व्यवस्था में सुधार को लेकर नई निविदाएं होंगी जारी

Jaipur News: पिंकसिटी में ग्रेटर नगर निगम अब यहां के लोगों से यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी कर रहा है। हालांकि राजधानी में कूड़े का अंबार लगा है। कचरा संग्रहण की व्यवस्था पटरी से उतरी पड़ी है। निगम प्रशासन राजधानी में अपने स्तर पर सफाई व्यवस्था को लेकर नाकामी के दौर में है। इसके बाद भी निगम यहां के लोगों से 50 रूपए से लेकर 5 हजार तक का यूजर चार्ज वसूलने की योजना में जुटा है।

आपको बता दें कि राजधानी में कचरा संग्रहण को लेकर ग्रेटर नगर निगम की ओर से जल्द निविदाएं जारी की जाएंगी। आने वाले पखवाड़े के भीतर जयपुर के 2 जोन में नई कंपनी सफाई करना आरंभ कर देगी। निगम यहां पर लगे 94 हूपर को कचरा एकत्रित करने के लिए शहर के अन्य हिस्सों में भेज देगी। संभावना जताई जा रही है कि, इसके बाद राजधानी की सफाई व्यवस्था को लगे ग्रहण को मिटाया जा सकेगा। 

इन इलाकों से उठेगा अब कूड़ा

गुलाबी नगरी के झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, सांगानेर, मानसरोवर व जगतपुरा जोन के लिए जारी की जाने वाली निविदाओं की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। निगम की ओर से दावा किया जा रहा है कि, अगस्त माह में इन इलाकों से कूड़ा संग्रहण की नई व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। आपको बता दें कि, इस बार निगम में योजना में बदलाव करते हुए नई व्यवस्था की है। जिसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए जोन वाइज निविदाएं जारी की है। ऐसे में अगर संबंधित लोगों की हड़ताल होती है तो शहर की सफाई व्यवस्था जारी रहेगी। कचरा उठाने के लिए बड़े साइज के हूपर लगाए जाएंगे, जिससे अधिक मात्रा में कचरा उठ सकेगा। 

महीने का इतना होगा यूजर चार्ज

इस बार राजधानी में प्रदेश सरकार की ओर से यूजर चार्ज की दरें जारी की गई हैं। जिसमें प्रतिमाह कम से कम 50 रूपए और अधिकतम पांच हजार तक की होंगे। इसमें आवासीय घरों से कम शुल्क वसूला जाएगा। जबकि व्यवसायिक गतिविधियों वाली फर्मों जैसे दुकानें, होटल व रेस्टोरेंट आदि का शुल्क अधिक रहेगा। निगम की ओर से कचरा गाड़ियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। जिसमें अब हूपर चालक बेईमानी नहीं कर सकेंगे। घर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्कैनर कोड का कागज लगेगा। घर से कचरा संग्रहित करते वक्त हूपर में बैठा सहायक कार्मिक मशीन से इसे स्कैन करेगा। इसके बाद ही निगम के कंट्रोल रूम में उस गाड़ी की उपस्थिति दर्ज होगी कि, इस घर से कचरा उठा लिया गया है। 


 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर