Jaipur Municipal council News: जयपुर में नगर निगम घर बैठे देगा सुविधाएं, अब एक फोन पर होंगी समस्याएं हल

Jaipur News: अकसर अपनी समस्याओं को हल करने के लिए नगर निगम के कार्यालय में चक्कर लगाने वाले लोगों को अब राहत मिलेगी। जयपुर नगर निगम ग्रेटर की महापौर सौम्या गुर्जर जल्द ही निगम आपके द्वार एक अभियान शुरू करने जा रही हैं। इसके तहत हर वार्ड में ​कैंप लगाकर लोगों की समस्याएं हल की जाएंगी। साथ ही वार्ड के विकास को लेकर सुझाव भी पूछे जाएंगे।

 Jaipur Municipal Corporation campaign
जयपुर नगर निगम शुरू करेगा अपनी हेल्पलाइन  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • नगर निगम जारी करेगा समस्याओं के निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर
  • हर वार्ड में लगाए जा रहे हैं समस्या कैंप
  • लोगों को वितरित किए जा रहे हैं मकान और जमीनों के पट्टे

Jaipur News: जयपुर नगर निगम ग्रेटर के लोगों के लिए खुशखबरी है। अब निगम से जुड़ी समस्याओं को हल करवाने के लिए आम लोगों को निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। निगम खुद उनकी समस्या सुनने के लिए लोगों के द्वार जाएगा। दरअसल, प्रशासन शहरों के संग अभियान का दूसरा चरण सोमवार से शुरू किया गया। ​इसके तहत ग्रेटर नगर निगम की ओर से 'निगम आपके द्वार अभियान' शुरू किया जा रहा है। ग्रेटर नगर निगम की महापौर सौम्या गुर्जर ने इसके लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

इस अभियान के तहत निगम क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों से न सिर्फ उनकी समस्याएं पूछी जाएंगी, बल्कि उनसे संवाद भी किया जाएगा। लोगों से वार्डों के विकास के लिए सुझाव भी लिए जाएंगे। महापौर सौम्या गुर्जर ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि आम लोगों की समस्याएं घर बैठे ही हल हो जाएं। इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जल्द ही लॉन्च किया जाएगा, जिससे लोग अपनी समस्याओं को फोन के माध्यम से भी दर्ज करवा सकेंगे। निगम के कर्मचारी खुद इन्हें हल करने आएंगे। 


यह है ग्रेटर नगर निगम का लक्ष्य

आपको बता दें सोमवार को प्रशासन शहरों के संग अभियान 2 की शुरुआत हुई। इसका शुभारंभ नगर निगम मुख्यालय में किया गया। इस दौरान महापौर सौम्या गुर्जर और निगम ग्रेटर के आयुक्त महेंद्र सोनी ने एक दर्जन लोगों को मकानों और जमीनों के पट्टे सौंपे। इस अभियान की शुरुआत पिछले साल अक्टूबर में की गई थी। ग्रेटर नगर निगम ने 5400 पट्टे बांटने का लक्ष्य रखा है।  


जेडीए और हैरिटेज निगम भी एक्शन में 

प्रशासन शहरों के संग अभियान को लेकर जेडीए और हैरिटेज नगर निगम भी एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। सोमवार को जेडीए ने 1327 पट्टे जारी किए हैं। वहीं हैरिटेज नगर निगम में पट्टे वितरण के लिए वार्ड में कैंप लगाए जा रहे हैं। हैरिटेज निगम ने बीस हजार से ज्यादा पट्टे बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर