Suicide Attempt in Jaipur: महिला ने आमेर के मावठा सरोवर में छलांग लगाई, सिविल डिफेंस टीम ने बचाई उसकी जान

जयपुर समाचार
Updated Feb 23, 2022 | 18:15 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Suicide Attempt in Jaipur: जयपुर के आमेर इलाके में स्थित मावठा सरोवर में मंगलवार सुबह एक महिला ने सुसाइड करने के लिए छलांग लगा दी। हालांकि वहां तैनात सिविल डिफेंस की टीम ने महिला को बचा लिया और थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

Amer Mavtha sarovar
आमेर स्थित मावठा सरोवर में महिला ने छलांग लगाई  
मुख्य बातें
  • महिला ने मावठा सरोवर में छलांग लगाई
  • गृह कलह से परेशान थी महिला
  • सिविल डिफेंस टीम ने डूबने से बचाया

Suicide Attempt in Rajasthan Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक महिला ने आमेर स्थित मावठा सरोवर में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, वहां तैनात महल के सिविल डिफेंस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को सुसाइड करने से बचा लिया। महिला को सकुशल सरोवर से बाहर निकाला गया और अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

कहा जा रहा है कि घरेलू कलह के चलते महिला ने आत्महत्या करने का फैसला किया था। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह सांगानेर की रहने वाली एक महिला मावठा सरोवर पहुंची और झील में छलांग लगा दी। उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात सिविल डिफेंस टीम के कर्मचारी गौरीशंकर, रुस्तम और फहीम ने उसे कूदते हुए देखा और आनन-फानन में उसकी जान बचाने की कोशिश की। इस कोशिश में सिविल डिफेंस के कर्मचारी कामयाब हुए और महिला को डूबने से बचा लिया।

पुलिस ने महिला का हाल और आत्महत्या की कोशिश का कारण जाना

महिला को सरोवर से बाहर निकालकर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला का हाल और आत्महत्या की कोशिश का कारण जाना। जैसे ही सुसाइड करने की खबर फैली तो मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। आमेर महल प्रशासन के कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। घर वालों को दी सूचना सिविल डिफेंस कर्मियों ने महिला को पुलिस के पास सुपुर्द कर दिया।

घर में चल रहे कलेश से परेशान थी महिला 

पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दी है। महिला का आमेर सीएचसी में प्राथमिक उपचार करवाया गया। फिलहाल महिला सकुशल बताई जा रही है। पुलिस महिला से पूछताछ करके मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने जानकारी दी है कि महिला घर में चल रहे कलेश से परेशान थी जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर