Jaipur News: जयपुर में हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ा युवक, अटकी सबकी सांसे, जानिए आगे क्या हुआ

Jaipur Police: जयपुर में एक युवक हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ गया। गांव वालों ने बहुत समझाया पर वह नहीं माना। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने काफी प्रयास के बाद उसको नीचे उतारा। टावर पर चढ़ा युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। पुलिस उसे थाने ले गई है।

jaipur crime news
जयपुर में हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ गया युवक, पुलिस ले गई थाने (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • जयपुर के बस्सी थाना इलाके के भाजुपुरा गांव का मामला
  • 440 वोल्ट के हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़े युवक को उतारने के लिए बुलानी पड़ी पुलिस
  • कड़ी मशक्कत के बाद सिविल डिफेंस की टीम ने युवक को उतारा

Jaipur News: जयपुर में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है। बस्सी थाना इलाके के भाजुपुरा गांव का रहने वाला एक युवक 440 वोल्ट के हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक को नीचे उतारने के लिए पहले तो ग्रामीणों ने बहुत प्रयास किया लेकिन फिर भी युवक नहीं उतरा। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक बनवारी लाल बैरवा को नीचे उतारने का प्रयास करने लगी। युवक के नीचे नहीं उतरने पर पुलिस ने सिविल डिफेंस को इस प्रकरण की जानकारी दी।

बता दें कि मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की टीम ने 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतार लिया। करीब साढ़े 3 घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा। युवक जब तक टावर पर चढ़ा रहा ग्रामीणों और पुलिस की सांसे अटकी रही। समय रहते लिए गए एक्शन से किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।

पत्नी और मां के बुलाने पर माना शख्स

बता दें कि गांव वालों ने युवक को हाई टेंशन टावर पर चढ़ता हुआ देखा था। जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। गांव वालों की भीड़ टावर के पास एकत्रित हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच सिविल डिफेंस की टीम को सूचना दी। जिसके बाद बनवारी लाल बैरवा की पत्नी और मां को भी मौके पर लाया गया। इन लोगों के समझाने के बाद ही टावर पर चढ़ा बनवारी लाल नीचे आने के लिए तैयार हुआ।

युवक पहले भी कर चुका है ऐसा

जानकारी के लिए बता दें कि भाजुपुरा गांव का रहने वाला बनवारी लाल बैरवा मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। बस्सी थाना पुलिस ने बताया कि, युवक को लेकर वह बस्सी थाने पहुंच गई है। परिजनों से उसके मानसिक विक्षिप्त होने का प्रमाण पत्र मांगा गया है। हालांकि टावर पर चढ़े बनवारी की किसी तरह की डिमांड नहीं थी। ना ही वह किसी प्रकार की कोई पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मांग कर रहा था। गांव के लोगों ने बताया कि, बनवारी पहले भी इस प्रकार से कई बार टावरों पर चढ़ चुका हैं। पहले वह टावर पर चढ़ता है फिर खुद ही नीचे उतर जाता है, पर इस बार ऐसा नहीं हो रहा था। इसलिए पुलिस बुलानी पड़ी।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर