कानपुर में खौफनाक वारदात, महिला प्रॉपर्टी डीलर को होटल में बुलाकर चापड़ से किया हमला, 100 से ज्यादा आए टांके

Kanpur Crime: कानपुर में एक महिला प्रॉपर्टी डीलर को बहाने से होटल में बुलाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। महिला के शरीर के कई हिस्सों में 100 से भी ज्यादा टांके लगाए गए हैं।

Kanpur Crime
कानपुर में एक होटल में महिला प्रॉपर्टी डीलर पर हमला  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • कानपुर में खौफनाक वारदात, महिला प्रॉपर्टी डीलर पर धारदार हथियार से हमला
  • महिला प्रॉपर्टी डीलर को बहाने से होटल बुलाकर किया हमला
  • महिला के शरीर में 100 से भी ज्यादा टांके लगाए गए

Kanpur Crime: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक महिला प्रॉपर्टी डीलर को होटल में बुलाकर धारदार हथियार से हमला किया गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर है। बताया गया कि महिला के शरीर पर कई हिस्सों में 100 से भी ज्यादा टांके लगाए गए हैं। वहीं पुलिस की जांच में सामने आया है कि लेन-देन के विवाद में महिला के ऊपर हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जांच होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी। 

पुलिस के अनुसार, बादशाहीनाका स्थित होटल में गुरुवार को एक महिला प्रॉपर्टी डीलर को बहाने से बुलाया गया। इस दौरान आरोपी ने होटल में रुपयों के लेन-देन को लेकर महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वहीं हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। 

महिला प्रॉपर्टी डीलर के पति रोडवेज में हैं चालक

बताया गया कि, रावतपुर गांव की रहने वाली निधि पांडे प्रॉपर्टी डीलर है और उनके पति बृजेश रोडवेज में बस चालक हैं। पीड़ित पति का कहना है कि, उनकी पत्नी ने अरविंद नाम के एक शख्स को मसवानपुर में प्लॉट दिखाया था। वहीं प्लॉट पसंद आने के बाद अरविंद ने उनकी पत्नी को एडवांस में कुछ रूपये दिए थे। उनका आरोप है कि अरविंद ने बाकी रुपये देने के बहाने से उनकी पत्नी को होटल में बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

घायल अवस्था में थाने पहुंची थीं महिला

बताया गया कि, आरोपी अरविंद द्वारा धारदार हथियार से हमला किया जाने के बाद वह होटल से फरार हो गया था। इसके बाद महिला घायल अवस्था में ही बादशाहीनाका थाने पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि महिला को खून से लथपथ देख पुलिस ने आनन-फानन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इस मामले में एसीपी कलेक्टरगंज शिखर का कहना है कि, पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उनका कहना है कि, आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर