Hardoi Accident: हरदोई में बड़ा हादसा, पुल की रेलिंग तोड़कर गर्रा नदी में गिरी किसानों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली

Hardoi Accident News: यूपी के हरदोई में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गर्रा नदी में गिर गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 लोग सवार थे। 12 लोग तैरकर बाहर आ गए। बाकी लापता लोगों की तलाश जारी है

hardoi road accident
नदी में ट्रैक्टर ट्रॉली गिरने के बाद मौके पर जमा भीड़  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • हरदोई में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गर्रा नदी में गिरी
  • ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे करीब 30 लोग, 12 लोग तैरकर बाहर आए
  • लापता लोगों की तलाश जारी, सीएम ने हादसे पर जताया दुख

Hardoi Accident News: उत्तर प्रदेश के हरोदई जिले में शनिवार दोपहर में बड़ा हादसा हुआ। यहां किसानों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पुल की रेलिंग तोड़कर गर्रा नदी में गिर गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में किसान सवार थे। ये सभी मंडी से खीरा बेचकर वापस आ रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 किसान सवार बताए जा रहे हैं।  हादसे के बाद करीब 12 लोगों ने तैरकर जान बचा ली, जबकि कई किसान लापता हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। मौके पर लोगों की भीड़ लगी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता किसानों की तलाश करा रही है।  

जानकारी के अनुसार पाली थाना इलाके के निजामपुर पुलिया के पास खीरा मंडी लगती है। नदी पार स्थित बेगराजपुर गांव के किसान शनिवार की सुबह मंडी में खीरा बेचने गए थे। खीरा बेचकर लौटते समय गर्रा के पुल पर यह हादसा हो गया। 

ओवरलोडिंग के कारण हादसे की आशंका 

बताया जा रहा है कि लौटते समय जो भी गांव निवासी कस्बे में मिलते गया, वही ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होते गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 लोग सवार थे। जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली पाली कस्बे के बाहर गर्रा नदी के पुल पर पहुंची तो अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। इस दौरान करीब 10 से 12 लोग नदी तैर कर बाहर आ गए। ट्रैक्टर ट्राॅली में सवार बाकी लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख

सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अफसर और पुलिस अधिकारी भी हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। गोताखोर लापता लोगों की तलाश में कर रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वहीं गांव में जैसे ही हादसे की सूचना मिली, कोहराम मच गया। लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। मौके पर आस-पास के गांव की भीड़ जुटी है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही सीएम योगी ने दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर लापता लोगों की तलाश में जुटी है। 
 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर