Kanpur Suicide Case: कपड़े पहनने के झगड़े में दो बहनों ने उठाया खौफनाक कदम, जानिए क्या है पूरा मामला

Kanpur Suicide Case: पसंदीदा ड्रेस पहनने को लेकर हुए विवाद के बाद बड़ी बहन ने जहरीला पदार्थ पी लिया। इसके बाद परिजन उसे हैलट हॉस्पिटल लेकर गए। इधर, घर में पीछे से घटना के लिए खुद को जिम्मेदार मान रही छोटी बहन ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

Kanpur Suicide Case
कानपुर में कपड़ों को लेकर हुए झगड़े ने एक बहन की जान ले ली, दूसरी की हालत गंभीर (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • बड़ी बहन का छोटी बहन से पसंद की ड्रेस पहनने को लेकर विवाद हो गया था
  • बड़ी बहन ने गुस्से में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया
  • खुद को घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए छोटी बहन ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया

Kanpur Suicide Case: कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपनी पसंद के कपड़े पहनने के मामूली से विवाद ने परिवार की खुशियों को ग्रहण लगा दिया। घटना कल्याणपुर इलाके की है। जहां पर पसंदीदा सूट पहनने को लेकर हुए विवाद के बाद बड़ी बहन ने जहरीला पदार्थ पी लिया। इसके बाद परिजन उसे हैलट हॉस्पिटल लेकर गए। इधर, घर में पीछे से घटना के लिए खुद को जिम्मेदार मान रही छोटी बहन ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए।

इसके बाद छोटी बहन को भी इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस बीच बड़ी बहन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि छोटी की जिंदगी और मौत के बीच की जंग जारी है। इलाके में हुई इस ह्रदयविदारक घटना के बाद हर कोई सकते में है। परिजनों पर तो कहर टूट पड़ा। घर में कोहराम मचा है। अब लोगों की जुबान पर एक ही चर्चा है कि, मामूली सी बात पर बेटी मां को उम्र भर का दर्द दे गई। घटना के बारे में जिसने भी सुना उसको रोना आ गया। इधर, सूचना मिलने पर मौके पर आई पुलिस घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है। कल्याणपुर थाने के एसएचओ एके सिंह ने बताया कि, मामले को लेकर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। 

बेटी दे गई मां को उम्र भर का दर्द

एसएचओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि, कल्याणपुर के विक्रम नगर में रहने वाली सुशीला एक निजी स्कूल में कार्यरत है। उनकी बड़ी बेटी कंचन (22) का छोटी बहन प्रिया से अपनी पसंद की ड्रेस पहनने को लेकर मामूली विवाद हो गया था। कंचन को छोटी बहन से झगड़ा करना इतना नागवार गुजरा की उसके गुस्से में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद कंचन की हालत बिगड़ गई तो उसे हैलट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसएचओ ने बताया कि, इसके बाद खुद को घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए प्रिया ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। उन्होंने आगे बताया कि, नियमानुसार कार्यवाही करते हुए घटना की जांच की जा रही है।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर