Kanpur Suicide: कानपुर में पत्नी से विवाद होने पर इतना दुखी हुआ इंजीनियर कि उठा लिया ये कदम, जानें पूरा मामला

Electrical Department Engineer Suicide: कानपुर में पत्नी से फोन पर बात करने के दौरान हुए विवाद के बाद केस्को इंजीनियर ने जहर खा लिया। पत्नी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस ने जेई के कल्याणपुर सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर हैलट रेफर किया गया। हैलट में इलाज के दौरान जेई की मौत हो गई।

Kanpur Suicide
कानपुर में जेई की आत्महत्या  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • कानपुर में पत्नी से विवाद के बाद केस्को के इंजीनियर ने दी जान
  • केस्को इंजीनियर ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
  • इंजीनियर ने ऑनलाइन सर्च कर पता किया था जहरीला पदार्थ

Kanpur Suicide: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल्याणपुर के जवाहर नगर में केस्को के अवर अभियंता ने रविवार रात पत्नी से झगड़कर जहरीला पदार्थ खा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसको सीएचसी ले गई। बाद में हैलट में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान अभियंता की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट न होने की वजह से बिसरा सुरक्षित किया गया है। मूलरूप से फतेहपुर के कचरौली गांव निवासी बालकृष्ण सिंह (34) फूलबाग के बिजलीघर में जेई पद पर कार्यरत थे। वह जवाहर नगर कल्याणपुर में किराए के मकान में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी कुमकुम और चार साल की बेटी गांव में रहती है। 

परिजनों ने बताया कि, रविवार शाम को बालकृष्ण सिंह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, फोन पर पत्नी से जान देने की बात कही, कुछ देर बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस पर पत्नी ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।

डिप्रेशन में था पर वजह नहीं बताई

आईआईटी चौकी इंचार्ज सतेंद्र सिंह के मुताबिक, रविवार रात को कंट्रोल रूम में एक कुमकुम नाम की महिला ने सूचना दी कि उनके पति ने जहर का सेवन कर लिया है। उनको अस्पताल में भर्ती करा दीजिए। पुलिस बताए हुए पते पर पहुंची और बालकृष्ण सिंह को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उन्हें हैलट ले जाया गया। सोमवार को बालकृष्ण सिंह की मौत हो गई। एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला के अनुसार, जब पुलिसकर्मियों ने बालकृष्ण को अस्पताल में भर्ती कराया था तो उससे बातचीत करने की कोशिश की गई थी। 

ऑनलाइन सर्च किया था तीव्र जहरीला पदार्थ

इस दौरान उसने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया और न ही कुछ बताया था। न ही पत्नी से विवाद की बात कही थी। बालकृष्ण ने कराहते हुए यही बताया था कि, वह तनाव में थे, इसलिए उसने कुछ निगला था। बालकृष्ण ने क्या निगला और स्पष्ट कारण नहीं बताया। इस बीच, पुलिस ने बालकृष्ण का मोबाइल चेक किया। जांच में ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री देखी तो उसमें तीव्र जहरीले पदार्थ सर्च करने के सबूत मिले। इससे यह स्पष्ट हुआ कि, बालकृष्ण ने ऑनलाइन सर्च कर जहरीला पदार्थ पता किया था। उसी जहरीले पदार्थ को खाया या कोई और यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है। एक खाली शीशी वहां से मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर