Kanpur Woman Death: कानपुर में दर्दनाक मामला, महिला की लाश के पास रोते मिले दो बच्चे, जल्द खुलेगा मौत का राज

Kanpur Woman Death Case: कानपुर में एक महिला का शव उसके कमरे में पड़ा मिला। वहीं शव के पास उसके दोनों बच्चे रो रहे थे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो महिला का शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

Kanpur Woman Death Case
कानपुर में महिला की मौत, पास में रो रहे थे बच्चे  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • कानपुर में महिला की मौत का मामला, कमरे में पड़ा मिला शव
  • लाश के पास रो रहे थे बच्चे, आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी
  • कमरे में महिला की लाश देख पड़ोसियों के पैरों तले जमीन खिसक गई

Kanpur Woman Death Case: उत्तर प्रदेश में कानपुर शहर के बिधनू में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के शव के पास बच्चे रो रहे थे। वहीं बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। कमरे में महिला की लाश देख पड़ोसियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद उन्होंने महिला के पति और पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंचा पति पत्नी के शव से लिपटकर फूट-फूट कर रोने लगा। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच की।

घटना की जानकारी लगने पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कुछ अहम साक्ष्य जुटाए। बताया गया कि दोनों की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। करीब तीन साल से दंपत्ति परिवार तुलसीनगर स्थित एक मकान में रहता है। 

सुबह ही फैक्ट्री चला गया था पति

मृतक महिला के पति ने बताया कि वह बुधवार सुबह फैक्ट्री चला गया था। उसने बताया कि छोटा भाई भी कोचिंग के लिए चला गया था। घर पर सिर्फ पत्नी त्रिवेणी, डेढ़ वर्षीय बेटी लक्ष्मी और बेटा आयुष (4) था। उसने बताया कि मकान की पहली मंजिल पर दो परिवार किराए पर रहते हैं। बताया गया कि बुधवार दोपहर के समय बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो कमरे में त्रिवेणी का शव पड़ा हुआ था। वहीं महिला के शव के पास दोनों बच्चे रो रहे थे। इसके बाद पड़ोसियों ने आनन-फानन पति और पुलिस को घटना की सूचना दी। वही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। 

मायके पक्ष ने देवर व किरायेदारों पर लगाया हत्या का आरोप

उधर, घटना की जानकारी लगने पर त्रिवेणी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक महिला के पिता राममनोहर और चाचा इंद्रजीत ने रसोई में टूटी चूड़ियां और संदिग्ध हालत में शव पड़ा देख हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बेटी के देवर व किरायेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं मायके वालों के आरोप के बाद पुलिस ने देवर और दोनों किरायेदारों को हिरासत में ले लिया है। तीनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इस मामले में बिधनू थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह का कहना है कि, अभी मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि महिला की मौत कैसे हुई है। उन्होंने बताया कि, मृतक महिला के पिता की तहरीर पर देवर, किरायेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर