कानपुर में लू के थपेड़ों ने किया बेहाल, मानसून से पहले गर्मी से राहत के आसार नहीं

Kanpur Weather Update: यूपी के कानपुर में लू के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। यूपी में कानपुर सबसे ज्यादा झुलस रहा है। 13 जून तक हीट वेव चलने का अनुमान है। हालांकि इसके बाद गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है।

Kanpur Weather
सबसे ज्यादा झुलसा कानपुर (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • लू के थपेड़ों ने किया बेहाल, सबसे ज्यादा झुलसा कानपुर
  • 13 जून तक रहेगी हीट वेव, गर्मी से जनजीवन पर आफत
  • 13 के बाद गरज-चमक के साथ आ सकती है आंधी

Kanpur Weather: उत्तर प्रदेश के कानपुर में झुलसाने वाली भीषण गर्मी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। धूप की तेजी और लू की रफ्तार से सहमे लोग दिन में बहुत जरूरी काम होने पर ही निकल रहे हैं। शनिवार को कानपुर सूबे में सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार 13 जून तक हीट वेव रहेगी। फिर गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है। एयरफोर्स वेदर स्टेशन में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। प्रदेश के किसी भी शहर नें इतना पारा नहीं रहा। यहां न्यूनतम पारा भी 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सीएसए के वेदर स्टेशन में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

सीएसए में रिकॉर्ड किया गया अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। एयरफोर्स वेदर स्टेशन में अधिकतम तापमान अधिक होने के कारण सामान्य से करीब 06 डिग्री अधिक रहा। लगातार सामान्य से अधिक पारा होने के कारण कानपुर में हीट वेव बनी हुई है। 

छह दिनों से लगातार हीट वेव का यलो अलर्ट

पिछले छह दिनों से लगातार हीट वेव का यलो अलर्ट बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार अब 12 और 13 जून को भी यलो अलर्ट घोषित किया गया है। तेज लू चलेगी। पारा भी सामान्य से काफी अधिक रहेगा। 14 और 15 जून को गरज चमक के साथ आंधी आने की संभावना जताई गई है। पिछले 11 दिवसों से अब तक पारा 42 से नीचे नहीं गया है।

27 जून से सीधे मानसूनी बारिश होने की संभावना

आपको बता दें कि जून में भी इस बार प्री मानसूनी बारिश की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तक मौसम की जो स्थितियां बन रही हैं, उसमें 27 जून से सीधे मानसूनी बारिश होने की संभावना है। हालांकि तब तक कई बार आंधी, गरज के साथ बादल और शहर के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। गौरतलब है कि मार्च से लेकर मई तक भी प्री मानसूनी बारिश इस बार नहीं हुई।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर