Kanpur Weather : कानपुर में मई के पहले हफ्ते में पड़ सकती है भीषण गर्मी, जानें इसके पीछे की वजह

Kanpur Weather : शहरवासियों को गर्मी से निजात के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि दो दिन तक गर्मी से काफी हद तक राहत मिली, लेकिन अगले हफ्ते से गर्मी और बढ़ने की आशंका है। वहीं, बिजली की व्यवस्था भी चरमराई हुई है।

Kanpur Weather Update
मई के पहले हफ्ते में पड़ेगी भीषण गर्मी, बिजली की व्यवस्था भी चरमराई   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • शनिवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा
  • न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया
  • आने वाले दिनों में लू चलने की आशंका

Kanpur Weather : कानपुर के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। शनिवार को एक बार फिर से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ। इस दिन अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज हुआ। इस बारे में सीएसए विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। इस वजह से तापमान फिर बढ़ गया है। मई के पहले हफ्ते में अधिकतम तापमान बढ़ेगा। 

डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि, शनिवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। सुबह 11 बजे से लू चलने की वजह से शहरवासी परेशान रहे। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी होने की वजह से थार मरुस्थल से आ रही गर्म हवा गंगा के मैदानी क्षेत्र में प्रभाव डाल रही है। दक्षिण पश्चिमी राजस्थान के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र होने के कारण हवा में नमी कम हो गई है। 

गर्मी बढ़ने से बिजली व्यवस्था चरमराई
गर्मी बढ़ने के कारण बिजली की खपत भी बढ़ गई है। एक हफ्ते से बिजली की मांग में 50 मेगावाट बढ़ गई है। शहरवासी दिन-रात पंखा, एसी, कूलर, फ्रिज आदि का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे फीडरों पर लोड बढ़ रहा है। कंस्को के मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर अंबेडकर ने बताया कि, अप्रैल में बिजली की खपत 657 मेगावाट पहुंच गया है। 2021 की तुलना में यह 123 मेगावाट अधिक है। 23 मार्च से 23 अप्रैल तक 181 मेगावाट बिजली की खपत बढ़ी है। बिजली की खपत बढ़ने की वजह से फीडरों के ट्रिप होने का सिलसिला बढ़ गया है।  

शिकायतों का तुरंत निस्तारण का दिया है निर्देश
कंस्को के मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर अंबेडकर ने बताया कि, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विभाग तत्परता से काम कर रहा है। बिजली के फॉल्ट एवं अन्य शिकायतों का तुरंत निस्तारण करने के लिए निर्देश दिया गया है। 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर