फेरे लेते समय गिरी दूल्हे की विग, मंडप में मचा हड़कंप, दुल्हन ने किया शादी से साफ इनकार

शादी के मंडप में सात जन्मों के साथ का वादा करने से पहले ही गंजेपन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। गंजे दूल्हे को देख दुल्हन आग बबूला हो गई और शादी करने से साफ इनकार कर डाला। मामला ​इतना बढ़ा कि थाने तक जा पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह करवाई।

Bald Groom News
गंजे दूल्हे से शादी से दुल्हन ने किया इनकार (प्रतीकात्मक तस्वीर) 
मुख्य बातें
  • शा​दी की खुशियों के बीच मचा हड़कंप
  • वधू पक्ष ने लगाए वर पक्ष पर धोखा देने के आरोप
  • बिना दुल्हन लिए कानपुर लौटी बारात

फूलों से सजे मंडप में दूल्हा और दुल्हन सात जन्मों के बंधन में बंधने जा रहे थे। दुल्हन के परिवार की आंखों में खुशियों के आंसू थे तो दुल्हे का परिवार बेटे और होने वाली बहू को आशीर्वाद दे रहे थे। पंडित मंत्रोच्चार कर रहे थे। दुल्हन के मन में नई जिंदगी का सफर शुरू करने का उल्लास था। हर आम शादी की तरह सब खुश थे। लेकिन अचानक कुछ ऐसा हुआ कि मंडप में हड़कंप मच गया। 

दरअसल, गर्मी के कारण दूल्हा गश खाकर नीचे​ गिर गया। जब दुल्हन के भाई उसे उठाने पहुंचे तो उनका हाथ दूल्हे के सिर पर लग गया और अचानक से दूल्हे की विग नीचे गिर पड़ी। दूल्हे को गंजा देख वहां मौजूद वधू पक्ष के लोग दंग रह गए। वहीं दुल्हन ने साफ फरमान सुना दिया कि वह गंजे युवक से शादी नहीं करेगी। 

ये है पूरा मामला

मामला उन्नाव के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार रात को कानपुर से बारात दुल्हन को लेने पहुंची। वधू पक्ष ने धूमधाम से बारातियों का स्वागत किया। जयमाला सहित शादी की अन्य रस्में पूरी की गईं। खुशियों के माहौल के बीच दूल्हा और दुल्हन फेरे लेने मंडप में पहुंचे। इसी दौरान अचानक दूल्हे को चक्कर आ गए और वह गश खाकर ​जमीन पर गिर गया। जब दुल्हन के दोनों भाई जीजा को संभालने गए तो उसका हाथ उनके सिर को छू गया। फिर क्या था दूल्हे के सिर पर लगी विग गिर पड़ी। यह देखकर सब हैरान रह गए। वहीं दुल्हन ये देखकर आग बबूला हो गई और शादी करने से साफ मना कर दिया। 

धोखा देने का लगाया आरोप 

दुल्हन के परिवार का आरोप था कि उन्हें धोखा दिया गया है। उनसे दूल्हे के गंजे होने की बात छिपाई गई। विवाद बढ़ा तो मामला सफीपुर थाने तक जा पहुंचा। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों में समझौता करवाया। वर पक्ष ने वधू पक्ष को उनके द्वारा खर्च किए गए  करीब साढ़े पांच लाख रुपए वापस लौटाए। और बिना दुल्हन के ही बारात कानपुर रवाना हो गई।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर