Kerala Tourism: स्वर्ग से कम नहीं है केरल का शहर अडूर, जानिए यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में

अडूर केरल की खूबसूरती में चार चांद लगाता है। इस शहर की हवाओं में केरल की संस्कृति, भक्तिमय माहौल और प्रकृति के खूबसूरती की महक है। यह स्थान अपने मंदिर और चर्च से पूरे विश्व में प्रसिद्ध है।

Kerala Tourism
Kerala Tourism 
मुख्य बातें
  • अडूर में स्थित पार्थसारथी मंदिर इस शहर के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है
  • पंडलम महल में राजा पंडलम के घर हुआ था भगवान अय्यप्पा का जन्म
  • रेल मार्ग द्वारा आप अडूर 45 घंटे यानि 1 दिन 21 घंटे में पहुंच सकते हैं

Kerala Tourism: केरल पूरी दुनिया में सबसे खूबसूरत गंतव्य में से एक है। यहां पर आप अद्भुत पार्क, चाय के बागान, झीलों और पहाड़ियों के मनोरम दृश्य को देख मंत्रमुग्ध हो उठेंगे। केरल की खूबसूरती में चार चांद लगाता है अडूर, अडूर केरल के पाथानामथिट्टा जिले में स्थित एक पारंपरिक और खूबसूरत शहर है। इस शहर की हवाओं में केरल की संस्कृति, भक्तिमय माहौल और प्रकृति की खूबसूरती की महक है। अडूर शहर का यह दृश्य यकीनन आपको जन्नत से कम नहीं लगेगा। ऐसे में आइए जानते हैं अडूर के प्राचीन इतिहास के बारे में।|

अडूर केरल के तिरुवंतपुरम् से लगभग 100 किलोमीटर की दूरी और एर्नाकुलम से करीब 140 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अडूर की सामरिक स्थिति इसे दोनों शहरों के लिए प्रवेश द्वार बनाती है। अडूर अपने प्राचीन मंदिरों और चर्च के लिए देश दुनिया में मशहूर है। यह पूरा शहर भक्तिमय माहौल से गूंजता है। ऐसे में आइए जानते हैं अडूर के प्राचीन मंदिरों और चर्च के बारे में खास बातें।

अडूर के प्रमुख आकर्षण केंद्र

अडूर में स्थित मंदिर और चर्च पूरे देश दुनिया में शुमार हैं। यहां पर स्थित पार्थसारथी मंदिर इस शहर के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, जो इस शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाता है। इस मंदिर के ईष्टदेव भगवान श्री कृष्ण हैं। वहीं पंडलम् महादेव मंदिर, पट्टूपुराक्कल देवी मंदिर, पुतेनकविल भगवती मंदिर और श्री नारायणपुरम महाविष्णु मंदिर अडूर के प्रमुख धार्मिक स्थलों मे से एक है। महाविष्णु मंदिर के ईष्ट देव भगवान विष्णु है। यहां पर लाखों की संख्या में पर्यटक हर साल भगवान विष्णु के दर्शन के लिए आते हैं। वहीं अडूर में स्थित चर्च दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। यहां पर सेंट जॉर्ज ऑर्थोडॉक्स चर्च और सेंट मैरिज ऑर्थोडॉक्स सीरियन कैथेड्रल दो आसन्न ईसाई चर्च हैं। जो देश दुनिया में ईसाई धर्म के लोगों के भक्ति का प्रमुख केंद्र हैं। यह स्थान अपने मंदिर और चर्च से पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। यहां पर देश विदेश से पर्यटक हर साल यात्रा के लिए आते हैं।

पार्थसारथी मंदिर

पार्थसारथी मंदिर केरल के अडूर शहर और एर्नाकुलम की खूबसूरती को बढ़ाता है। यह मंदिर भगवान श्री कृष्ण को समर्पित यह मंदिर पंबा नदी के तट पर स्थित है। भगवान पार्थसारथी भगवान विष्णु के अवतार हैं, उनकी पूजा इस मंदिर में की जाती है। इस मंदिर के वास्तुकला को देखते ही शिल्पकारों की दूरदर्शिता का साफ पता लगाया जा सकता है। बाढ़ से बचने के लिए इस मंदिर को काफई ऊंचाई पर बनाया गया है। नदी के किनारे स्थित होने के कारण इस मंदिर का मनोरम दृश्य वास्तव में पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है। इस मंदिर में प्रतिवर्ष लगभग 10 दिनों का त्योहार मनाया जाता है, इस उत्सव में दूर दराज से भक्त आते हैं।

पंडलम महल

पंडलम महल अडूर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। इस महल को लेकर धार्मिक मान्यताएं भी हैं। अचंकोविल नदी के किनारे स्थित पंडलम् महल पंडलम का राजसी घराना था। यह महल अडूर से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पंडलम् महल को लेकर केवल ऐतिहासिक महत्व ही नहीं है बल्कि इस महल को लेकर धार्मिक मान्यताएं भी मौजूद हैं। इस महल को लेकर कहा जाता है कि भगवान अय्यप्पा पंडलम् महल में राजा पंडलम के यहां पैदा हुए थे।

पंडलम् महादेव मंदिर

पंडलम् महादेव मंदिर केरल के प्राचीन मंदिरों में से एक है, यह अचंकोविल नदी के किनारे स्थित है। इस मंदिर के प्रमुख देवता भगवान शिव हैं। यहां पर भगवान शिव की मूर्ती के साथ अय्यप्पा, नागराजा, सुब्रमनियन आदि की मूर्तियां भी स्थापित की गई हैं। नवंबर औऱ दिसंबर माह में यहां पर प्रत्येक वर्ष उत्सव मानाया जाता है। इस दौरान दूर दराज से लोग इस उत्सव में शामिल होने के लिए आते हैं।

श्री नारायणपुरम महाविष्णु मंदिर

श्री नारायणपुरम महाविष्णु मंदिर अडूर के प्रमुख धार्मिक स्थलो में से एक है। यह मंदिर अडूर शहर से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर एक छोटे से गांव मानकला में स्थित है। इस मंदिर के ईष्यदेव भगवान विष्णु हैं। यहां पर प्रत्येक वर्ष दसावताराचरतु त्योहार मनाया जाता है। यह त्योहार लगभग 10 दिनों तक चलता है। इस त्योहार में संपूर्ण केरल के लोग सम्मिलित होते हैं। इस स्थान पर आप केरल की संस्कृति से वाकिफ हो सकते हैं।

कैसे पहुंचे अडूर

अडूर पहुंचने के लिए सड़क मार्ग, रेल मार्ग और हवाई मार्ग सभी सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां पर पहुंचने के लिए आप रेल मार्ग या बस मार्ग का भी सहारा ले सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं रेल मार्ग, बस मार्ग और हवाई मार्ग से कैसे पहुंचे अडूर।

रेल मार्ग

अडूर का निकटतम रेलवे स्टेशन एर्नाकुलम है। रेल मार्ग द्वारा दिल्ली से एर्नाकुलम की दूरी लगभग 2,716 किलोमीटर है। यहां पर आप रेल यात्रा कर 45 घंटे यानि एक दिन 21 घंटे में पहुंच सकते हैं। यह रेल का प्रमुख मुख्यालय है और यहां पर देश के सभी मार्गों के लिए रेल सुविधाएं उपलब्ध है। एर्नाकुलम से अडूर की दूरी लगभग 130 किलोमीटर है। इस दौरान आप एर्नाकुलम से बस या टैक्सी के जरिए अडूर पहुंच सकते हैं।

सड़क मार्ग

आपको बता दें सड़क मार्ग द्वारा दिल्ली से तिरुवंतपुरम की दूरी लगभग 2,860 किलोमीटर है। यहां पर आप बस या पर्सनल वीकल से 48 घंटे का सफर तय कर पहुंच सकते हैं। तिरुवंतपुरम और एर्नाकुलम से अडूर पहुंचने के लिए बस और टैक्सी सेवाएं उपलब्ध हैं।

हवाई सेवाएं

अडूर का निकटतम एयरपोर्ट कोच्चि एयरपोर्ट है। यह हवाई मार्ग भारत के प्रमुख शहरों चेन्नई, हैदराबाद, दिल्ली और बैंगलोर को जोड़ता है। अडूर पहुंचने के लिए आप हवाई मार्ग का भी चयन कर सकते हैं। हवाई मार्ग द्वारा अडूर पहुंचने के लिए आपको कोच्चि एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। यहां से अडूर पहुंचने के लिए टैक्सी सेवाएं उपलब्ध है।

अगली खबर