Maldives में ऐसा क्या है खास? Kajal Aggarwal से Tiger-Disha Patani तक, यहां खूब घूमने जाते हैं फिल्म स्टार्स

What is So Special in Maldives: बीते कुछ समय में ऐसे बहुत सारे बॉलीवुड सेलेब्स रहे हैं जो मालदीव की यात्रा पर गए हैं, यह फिल्म स्टार्स के लिए घूमने की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। जानिए क्यों?

Why Maldives is favorite vacation spot for Bollywood
बॉलीवुड के लिए मालदीव क्यों है इतना खास?  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • 1200 छोटे-छोटे द्वीपों से मिलकर बना है मालदीव
  • घूमने और छुट्टियां बिताने के लिए फिल्म सेलेब्स की सबसे पसंदीदा जगह
  • जानिए घूमने के लिए क्यों इतनी खास है ये जगह

मुंबई: काजल अग्रवाल अपने पति गौतम किचलू के साथ शादी के बाद हनीमून पर पहुंचीं और बीते दिनों में उन्होंने खूबसूरत जगहों से कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जहां कभी वह समुद्र के नीले पानी के आगे खड़ी नजर आईं तो कभी पानी के नीचे मछलियों के बीच बने होटल के खास कमरे में दिखीं। इसके अलावा दिशा पाटनी और टाइगर श्रॉफ भी दिवाली की छुट्टियों में खूबसूरत नजारों के बीच छुट्टियां मनाते नजर आ रहे हैं और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई फोटोज भी शेयर कर रहे हैं।

कई फैंस के मन में भी इन फिल्मी हस्तियों की तस्वीरें देखकर सवाल आ सकता है कि सेलेब्स कहां घूमने गए हैं तो आपको बता दें कि काजल अग्रवाल-गौतम किचलू और टाइगर-दिशा ने हाल ही में मालदीव में छुट्टियां मनाई हैं। एक्ट्रेस रकुलप्रीत भी इन दिनों खूबसूरत टापुओं से बने देश में घूमने के लिए पहुंची हैं। इसके अलावा फरहान अख्तर ने भी मालदीव की तस्वीरें शेयर की थीं, साथ ही हाल में वरुण धवन, मौनी रॉय, तापसी पन्नू के भी मालदीव में होने की खबरें आई थीं। इससे पहले भी समय-समय पर कई सेलेब्स यहां छुट्टियां का मजा लेते नजर आ चुके हैं।

ऐसे में कई फैंस के मन में यह भी सवाल उठ सकता है कि मालदीव में ऐसा क्या खास है जो यह बॉलीवुड सेलेब्स की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है और यहां लगातार फिल्म स्टार घूमने पहुंचते रहते हैं।

1. सबसे पहली बात तो ये कि मौजूदा दौर में कोविड-19 महामारी के बीच मालदीव की यात्रा काफी आसान बनी हुई है। हिंद महासागर क्षेत्र में मौजूद द्वीपों के इस देश में कोई भी रवाना होने से 72 घंटे पहले कराए गए टेस्ट के सर्टिफिकेट के साथ यहां पहुंच सकता है। सर्टिफिकेट में टेस्ट लेबोरेटरी का नाम और पता दर्ज होना चाहिए।

2. सुरक्षित और आसान ढंग से मालदीव की यात्रा संभव है और यहां ठहरने के लिए कई स्तरों की आकर्षक सुविधाएं मौजूद हैं। साथ ही स्पोर्ट्स और सैलानी कई तरह की गतिविधियों का हिस्सा भी बन सकते हैं।

3. मालदीव में दुनिया के सबसे खूबसूरत रिजॉर्ट और होटल मौजूद हैं और साथ ही बीच की खूबसूरती भी मन मोह लेने वाली है। यहां वाटर विला भी मौजूद हैं जहां कांच से बने कमरे में आप पानी के नीचे रहने का मजा ले सकते हैं।

4. यहां सीमित बजट वाले लोगों के लिहाज से सस्ती कीमतों पर भी गेस्ट हाउस मौजूद हैं, जहां घूमने पहुंचे लोग आसानी से रह सकते हैं। यहां का सी-फूड भी लोगों को आकर्षित करता है। मालदीव की खास चॉकलेट भी यहां की खासियतों में शामिल है।

1200 छोटे द्वीपों वाला देश: मालदीव 1200 छोटे द्वीपों से बना देश है, जिनमें से 200 पर आबादी बसी हुई है। इनमें से 50 पर सैलानियों के रहने के लिए सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। हर टापू की अपनी खूबसूरती और खासियत है। 50 टापूओं में से 30 गेस्ट हाउस वाला माफूसी आईलैंड काफी मशहूर है।

अगली खबर