शत्रुघ्न सिन्हा प्रचारक कांग्रेस के, लेकिन प्रचार करते हैं SP का और कच्छा पहनते हैं RSS का: प्रमोद कृष्णम

कांग्रेस नेता आर्चाय प्रमोद कृष्णम ने अपनी ही पार्टी के नेता और स्टार प्रचारक शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि वे आरएसएस का कच्छा पहनते हैं।

Acharya Pramod Krishnam attacks on cognress leader shatrughan sinha
'शत्रुघ्न प्रचारक कांग्रेस के, लेकिन कच्छा पहनते हैं RSS का' 
मुख्य बातें
  • शत्रुघ्न सिन्हा पर उन्ही की पार्टी के नेता आर्चाय प्रमोद कृष्णम ने बोला बड़ा हमला
  • लखनऊ पहुंचे शत्रु ने कांग्रेस दफ्तर पहुंचने की बजाए समाजवादी दफ्तर पहुंचकर अखिलेश के साथ साझा किया मंच
  • अखिलेश के साथ मंच साझा करने से भड़के प्रमोद, बोले- चार करते हैं सपा का और कच्छा पहनते हैं आरएसएस का

लखनऊ: कांग्रेस नेता और पार्टी के स्टार प्रचारक शत्रुघ्न सिन्हा पर उन्ही की पार्टी के नेता आर्चाय प्रमोद कृष्णम ने बड़ा हमला बोला है। लखनऊ से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ चुके प्रमोद कृष्णम के सामने तब समाजवादी पार्टी के टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने चुनाव लड़ा था। सोमवार को प्रमोद कृष्णम ने ट्वीट करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखा हमला किया।

प्रमोद कृष्णम ने ट्वीट कर शत्रुघ्न सिन्हा की एक फोटो ट्वीट की जिसमें वो समाजवादी पार्टी के दफ्तर में अखिलेश यादव के साथ बैठे हैं। प्रमोद ने लिखा, 'शत्रुघ्न सिन्हा स्टार प्रचारक हैं कांग्रेस के, लेकिन प्रचार करते हैं समाजवादी पार्टी का और कच्छा पहनते हैं आरएसएस का।' दरअसल सोमवार को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ गांधी शांति यात्रा लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा लखनऊ पहुंचे थे और इस दौरान उनके साथ पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा भी मौजूद थे।

 जब शत्रुघ्न सिन्हा लखनऊ आए तो अपनी पार्टी के दफ्तर जाने की बजाय वो सपा के दफ्तर में पहुंच गए। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मंच साझा किया। शत्रु की इस हरकत पर कांग्रेस के कई नेता नाराज हो गए हैं और उनका विरोध शुरु कर दिया है। पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जीशान हैदर ने लिखा- 'यह तो वाकई सोचने वाला विषय है। ऐसे लोगों को तुरंत बाहर का रास्ता दिखा देना चाहिए, जो खाते यहां की हैं और बजाते कहीं और की हैं।'

आपको बता दें आर्चाय प्रमोद कृष्णम ने लखनऊ सीट से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। कल्कि धाम के महंत प्रमोद कृष्णम मीडिया के सामने भी मुखर होकर कांग्रेस का पक्ष रखते हैं। 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर