Lucknow Weather: पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में गिरावट, पूर्वी-पश्चिमी हवाओं के कारण धूल भरी आंधी के संकेत

Lucknow Weather News: लखनऊ वासियों को भीषण गर्मी और उमस ने बेहाल कर रखा है। प्रदेश भर में लखनऊ समेत कई जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं मंगलवार को लखनऊ और कई अन्य जिलों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।

Lucknow news
भीषण गर्मी और उमस ने बेहाल लोग (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Facebook
मुख्य बातें
  • अधिकांश स्थानों पर हुई बूंदाबांदी के बाद भी लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल
  • लखनऊ समेत अन्य जिलों में रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज
  • मौसम विभाग ने जारी की धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी

Lucknow Weather News: उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सोमवार को बूंदाबांदी हुई, लेकिन अधिकांश स्थानों पर भीषण गर्मी और उमस ने बेहाल किया। प्रदेश भर लखनऊ समेत कई जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिसमें प्रयागराज, बरेली, कानपुर, झांसी, वाराणसी और मेरठ मंडलों में न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त दर्ज की गई है। मंगलवार को लखनऊ और कई अन्य जिलों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं सोमवार को शहर का एक्यूआइ स्तर 150 तक दर्ज किया गया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्वी-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता धूल भरी आंधी, 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का संकेत हैं। सोमवार को पारे में तीन से चार डिग्री की गिरावट लोगों राहत दे रही है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर चलता रहेगा। 

बढ़ती गर्मी में ब‍िजली संकट ने बढ़ाई मुसीबत 

मौसम विभाग पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है। अगले 24 घंटो में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी जा सकती है। बढ़ती गर्मी में बिजली की डिमांड बढ़ते ही बिजली संकट भी लखनऊ में बढ़ गया है। रविवार देर रात से सोमवार दिन भर बिजली कटौती से लोग गर्मी से परेशान रहे। इससे उपभोक्ताओं को बिजली और पानी को लेकर परेशान होना पड़ा। भीषण गर्मी में पारा नित नई ऊंचाई पर पहुंच रहा है। इसी के साथ गर्मियों में होने वाली बीमारियों का सिलसिला भी  बहुत तेजी से बढ़ रहा है। 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर