Gandhi Setu closed: लखनऊ का गांधी सेतु 12 दिनों के लिए बंद, वाहनों की आवाजाही पर रोक, डायवर्ट किया ट्रैफिक

Gandhi Setu closed: लखनऊ के गोमतीनगर अम्बेडकर चौराहे 1090 से जोड़ने वाले गांधी सेतु पर आवागमन 30 मई तक बंद रहेगा। पुल के जोड़ की मरम्मत का काम शुरू होने के कारण यह फैसला लिया गया है।

Gandhi Setu will remain closed for 12 days
12 दिनों तक बंद रहेगा गांधी सेतु  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • लखनऊ में गांधी सेतु मरम्मत के लिए 30 मई तक बंद
  • वाहनों की आवाजाही रुकने से हुई जाम की समस्या
  • अब इन रास्तों पर डायवर्ट किया गया ट्रैफिक

Gandhi Setu closed: लखनऊ के गोमतीनगर को लोहिया पथ व 1090 पावरलाइन चौराहा से जोड़ने वाले गांधी सेतु पर वाहनों की आवाजाही 12 दिन तक बंद रहेगी। पुल की मरम्मत के काम के चलते पीडब्ल्यूडी ने इसे बृहस्पतिवार को बंद कर दिया। 30 मई तक यहां काम पूरा होना है। ऐसे में अंबेडकर पार्क होकर विपुलखंड, दयाल चौराहा, हुसड़िया चौराहा जाने वाला ट्रैफिक अब समतामूलक चौराहे से गुजरेगा। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मनीष वर्मा ने बताया कि गांधी सेतु पर लगे एक्सपैंशन ज्वॉइंट खराब हो चुके हैं। ऐसे में पुल की सड़क भी जल्दी खराब होने लगती है। इसे बदलने में करीब 10 से 12 दिन क समय लगेगा। 

उन्होंने बताया कि, इसके चलते 30 मई तक के लिए पुल को वाहनों के उपयोग के लिए बंद कर दिया गया है। हमारी कोशिश है कि न्यूनतम समय में इसे बदलने का काम पूरा हो जाए। इसके तुरंत बाद पुल को उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा। यहां पुल की चौड़ाई केवल सात मीटर होने की वजह से एक लेन को चालू रखकर काम हो पाने की संभावना नहीं थी। ऐसे में पूरा ट्रैफिक ही रोकना पड़ा है।

समतामूलक चौराहे पर बढ़ा वाहनों का दबाव

पुल बंद होने के बाद अब ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। अब दोनों तरफ का ट्रैफिक समतामूलक चौराहा से गुजरेगा। समतामूलक चौराहा से एलडीए मुख्यालय के सामने होते हुए होटल ताज, अंबेडकर पार्क होकर वाहन आ-जा सकेंगे। इससे बृहस्पतिवार को वाहनों का दबाव भी समतामूलक चौराहा पर बढ़ गया। इससे जाम की स्थिति और खराब हो गई।

रोजाना गुजरते हैं 50 हजार से अधिक वाहन

गांधी सेतु से रोजाना लगभग 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इसमें वीआईपी गाड़ियों से लेकर निजी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की गाड़ियां तक शामिल हैं। इस पुल को गोमतीनगर की मेन एंट्री माना जाता है। ऐसे में ट्रैफिक भी यहां अधिक रहता है। इस ट्रैफिक का दबाव अब गोमती नदी पर बने लोहिया पुल और समतामूलक चौराहा पर रहेगा।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर