मुरादाबाद में दंपति में दिखा गजब का हौसला, बेटे की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़े मां-बाप, ऐसे बचाई जान

Moradabad Leopard Attacked: मुरादाबाद के चाऊपुरा गांव में जंगल में घास काट रहे 18 साल के एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे मां-बाप तेंदुए से भिड़ गए।

Moradabad Leopard Attacked
मुरादाबाद में एक युवक पर तेंदुए ने अटैक कर दिया (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Facebook
मुख्य बातें
  • मुरादाबाद में बेटे की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़े मां-बाप
  • जंगल में घास काट रहे 18 साल के एक युवक पर तेंदुए ने किया था हमला
  • वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश की

Moradabad Leopard Attacked: उत्तर प्रदेश में मां-बाप के हौसले के सामने तेंदुआ पस्त हो गया। दरअसल, मुरादाबाद जिले के गांव चाउपुरा में सोमवार को जंगल में घास काट रहे युवक पर तेंदुए ने अटैक कर दिया। युवक की चीख पुकार सुनकर मां-बाप मौके पर पहुंचे और तेंदुए पर टूट पड़े। हालांकि इस बीच युवक तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम के साथ जंगल में तलाशी अभियान चलाया। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम से पिंजरा लगाने की मांग की है। तेंदुए के इलाके में आने से लोगों में दहशत का माहौल है। 

जानकारी के अनुसार, चाउपुरा के रहने वाला पवन कुमार अपने पिता फूल सिंह और मां मूर्ति देवी के साथ जंगल में गन्ने के खेत में घास काटने गया था। वह अपने मां-बाप से कुछ दूरी पर घास काट रहा था। इसी दौरान तेंदुए ने पवन (18) पर अटैक कर दिय। 

मां-पिता ने लाठी से तेंदुए पर ताबड़तोड़ वार किए

बेटे की चीख सुनकर मां और पिता मौके पर पहुंचे और तेंदुए से भिड़ गए। दोनों ने लाठी से तेंदुए पर ताबड़तोड़ हमला किया, इस बीच तेंदुआ वहां से भाग गया। परिजन पवन को लेकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने पवन को जिला असपताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के साथ तेंदुए की तलाश की। हालांकि तेंदुए का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं, ग्रामीणों ने विभाग की टीम से जंगल में पिंजरा लगाने की मांग की है।

हाल ही में बाइक सवार पर किया था तेंदुए ने हमला

वहीं, इससे पहले रविवार की शाम तेंदुए ने बाइक सवार ग्रामीण पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। कमेलपुर के रहने वाले रामपाल सैनी पुत्र डूंगर सिह सैनी पास के गांव नादनौर से बाइक पर सवार होकर आ रहा था। इस बीच, अचानक गन्ने के खेत से निकले एक तेंदुए ने उसके चेहरे पर पंजे से वार कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। तेंदुए के हमले से रामपाल बाइक समेत गिर गया। हालांकि हमले के बाद तेंदुआ खेत में घुस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। एक हफ्ता पहले झूझेला चक गांव में तेंदुए ने महिला पर अटैक किया था।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर